पनामा के ध्वज वाले जहाजों की जांच अंतरराष्ट्रीय नियमों के अनुरूप: चीन

रिपोर्ट के अनुसार, अंतर्राष्ट्रीय समुद्री संगठन (IMO) की परिषद के 137वें सत्र में अमेरिका और पनामा के प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि चीन राजनीतिक कारणों से पनामा के ध्वज वाले जहाजों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई कर रहा है।
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन च्येन ने 13 जुलाई को पेइचिंग में आयोजित नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चीनी बंदरगाहों पर आने वाले जहाजों का बंदरगाह राज्य नियंत्रण निरीक्षण कानूनों और नियमों के अनुसार किया जाता है और यह पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय समझौतों के अनुरूप है।
लिन च्येन ने कहा कि संबंधित चीनी अधिकारियों के आंकड़ों के अनुसार, इस साल की शुरुआत से पनामा के ध्वज वाले कई जहाज चीन के जलक्षेत्र में अलग-अलग स्तर की सुरक्षा घटनाओं में शामिल रहे हैं। इसी वजह से सुरक्षा घटनाओं के मामले में पनामा सबसे अधिक प्रभावित ध्वज वाले देशों में शामिल रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष जनवरी से जुलाई के बीच चीनी बंदरगाहों पर आने वाले सभी विदेशी ध्वज वाले जहाजों में लगभग 20 प्रतिशत जहाज पनामा के ध्वज वाले थे, जबकि जहाज दुर्घटनाओं, मौतों या लापता लोगों से जुड़े मामलों में इनकी हिस्सेदारी लगभग 50 प्रतिशत रही।
लिन च्येन ने कहा कि बंदरगाह राज्य नियंत्रण निरीक्षण नौवहन सुरक्षा और समुद्री पर्यावरण की स्वच्छता बनाए रखने का एक महत्वपूर्ण उपाय है। यह किसी भी देश के लिए अपने बंदरगाहों पर आने वाले विदेशी जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का प्रमुख माध्यम है। उन्होंने कहा कि चीन समुद्री यातायात और लोगों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। इसलिए चीनी बंदरगाहों पर आने वाले जहाजों का निरीक्षण कानूनों और नियमों के अनुसार किया जाता है और यह पूरी तरह अंतरराष्ट्रीय समझौतों के अनुरूप है।