वर्ष 2025 में चीन के बंदरगाह माल और कंटेनर संचालन क्षमता दुनिया में शीर्ष पर बरकरार


एक जहाज़ शेन्ज़ेन के बंदरगाह पर खड़ा है। (VCG)

वर्ष 2025 में चीन के बंदरगाहों का माल आवागमन 1830 करोड़ टन रहा, जबकि कंटेनर संचालन क्षमता 35.4 करोड़ मानक कंटेनर इकाई (TEU) रही। इसके साथ ही चीन दोनों ही मामलों में दुनिया में पहले स्थान पर कायम रहा।

यह जानकारी 11 जुलाई को चीन के परिवहन मंत्रालय द्वारा साझा की गई। उसी दिन सुबह, परिवहन मंत्रालय ने पेईचिंग में 2026 चीनी नौवहन दिवस के मुख्य कार्यक्रम आयोजित किया, और इस अवसर पर उद्योग की नवीनतम नीतियों और व्यावहारिक उपलब्धियों आदि को जारी किया गया, साथ ही नौवहन क्षेत्र के प्रतिनिधियों को अपने अनुभव और कहानियां साझा करने के लिए आमंत्रित किया गया।

“14वीं पंचवर्षीय योजना” के बाद से, चीन की समग्र नौवहन क्षमता एक नए स्तर पर पहुँच गई है। वैश्विक समुद्री परिवहन में चीन की हिस्सेदारी एक-तिहाई है, और चीनी पूंजी वाले शिपिंग बेड़े की क्षमता 49 करोड़ डेडवेट टन तक पहुँच गई है। देश भर में 60 स्वचालित टर्मिनल बनकर तैयार हो चुके हैं और उनका संचालन शुरू हो चुका है। शांहाई बंदरगाह और किंगदाओ बंदरगाहके स्वचालित टर्मिनलों पर प्रति घंटे 60 से अधिक प्राकृतिक कंटेनरों को संभालने की सबसे तेज़ सिंगल-मशीन दक्षता दर्ज की गई है, जो वर्तमान में दुनिया के बंदरगाहों में लोडिंग और अनलोडिंग की उच्चतम दक्षता का स्तर है। इसके अलावा, देश भर में लगभग 20000 किलोमीटर लंबे इलेक्ट्रॉनिक जलमार्ग मानचित्र जारी किए जा चुके हैं, और यांग्त्ज़ी नदी जल प्रणाली के लिए मुख्य और सहायक नदियों को जोड़ने वाले तथा नदी-समुद्र एकीकृत इलेक्ट्रॉनिक जलमार्ग का “एक एकल मानचित्र” बुनियादी तौर पर तैयार कर लिया गया है । इसके साथ ही शीजियांग मुख्य जलमार्ग और ग्रैंड कैनाल के चियांग्सू खंड में इलेक्ट्रॉनिक जलमार्ग मानचित्र का पूर्ण कवरेज हासिल कर लिया गया है।

मुख्य कार्यक्रम के अलावा, चीनी नौवहन दिवस फोरम और इससे जुड़ी गतिविधियों की श्रृंखला का आयोजन चियांग्सू प्रांत के यांगचोऊ शहर में भी किया जा रहा है। इसके अलावा, यांगचोऊ समुद्री मामलों के विभाग ने “ओपन डे” (सदन खुला दिवस) का आयोजन किया, जहां आम जनता ने कमांड सेंटर के हॉल में ड्रोन गश्त को लाइव देखा और स्मार्ट निगरानी प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

इस के अलावा, चीन के कई क्षेत्रों में विभिन्न प्रकार के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। शांहाई स्थित चीनी नौवहन संग्रहालय ने 6 अन्य नौवहन संग्रहालयों के साथ मिलकर समुद्र से संबंधित सांस्कृतिक कलाकृतियों की एक ऑनलाइन प्रदर्शनी शुरू की है, जिसका उद्देश्य नौवहन संस्कृति को आम लोगों के घरों तक पहुँचाना है। वहीं, पेइचिंग और फुचियान जैसे प्रांतों और शहरों ने “नौवहन दिवस” की थीम पर आधारित विशेष जलमार्ग यात्री परिवहन सेवाओं की शुरुआत की है, ताकि समुद्र और नौवहन के प्रति जनता की जागरूकता को और बढ़ाया जा सके।