चीन ने 2026 रोबोकप रोबोट विश्व कप का खिताब जीता

पुरस्कार ग्रहण करती छिंगहुआ “हुओशन” टीम। (VCG)
5 जुलाई को दक्षिण कोरिया के इंचियोन में 2026 रोबोकप रोबोट विश्व कप का समापन हुआ।
छिंगहुआ विश्वविद्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चीन की छिंगहुआ “हुओशन” टीम ने बूस्टर रोबोटिक्स के बूस्टर T1 मानवरूपी रोबोट का उपयोग करते हुए, फाइनल में चीनी कृषि विश्वविद्यालय की “शानहाई” टीम को 6–2 से हराकर मानवरूपी वर्ग का विश्व खिताब लगातार दूसरी बार अपने नाम किया।
रोबोकप रोबोट विश्व कप की शुरुआत वर्ष 1997 में हुई थी। यह वर्तमान में विश्व के सबसे प्रतिष्ठित, सबसे बड़े और सर्वाधिक प्रभावशाली रोबोटिक्स प्रतियोगिताओं में से एक है, जिसमें मानवरूपी रोबोट स्पर्धा सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र रहती है। वर्ष 2025 में ब्राज़ील में आयोजित रोबोकप रोबोट विश्व कप में छिंगहुआ “हुओशन” टीम ने मानवरूपी वयस्क वर्ग का खिताब जीता था। यह पहली बार था जब किसी चीनी रोबोट फुटबॉल टीम ने इस वर्ग का विश्व कप खिताब अपने नाम किया।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष की प्रतियोगिता में देश-विदेश की कुल 38 टीमों ने चीनी रोबोटिक्स कंपनी बूस्टर रोबोटिक्स (Booster Robotics) के रोबोट मॉडल अपनाए। कंपनी के रोबोटों ने द्विपाद मानवरूपी रोबोट की सभी स्पर्धाओं में स्वर्ण पदकों पर कब्ज़ा जमाया।
पेइचिंग बूस्टर रोबोटिक्स टेक्नोलॉजी कंपनी लिमिटेड के एक तकनीकी अधिकारी के अनुसार, यह प्रतियोगिता रोबोट की समग्र तकनीकी क्षमता को परखने का महत्वपूर्ण मंच है। इसमें केवल हल्के, चुस्त और मज़बूत रोबोट ही पर्याप्त नहीं होते, बल्कि जटिल परिस्थितियों में वास्तविक समय में परिवेश की पहचान, बुद्धिमत्तापूर्ण निर्णय लेने की क्षमता, उन्नत गतिशील नियंत्रण तथा अनेक रोबोटों के बीच समन्वित संचालन जैसी क्षमताओं की भी कड़ी परीक्षा होती है।