चीन-लाओस रेलवे के लाओस रेलखंड में रेल पटरियों की घिसाई का प्रथम चरण पूरा
5 जुलाई की तड़के, रेल पटरियों की घिसाई का कार्य पूरा करने के बाद, घिसाई मशीन के धीरे-धीरे मोतिंग स्टेशन पहुँचकर रुकने के साथ ही चीन-लाओस रेलवे के लाओस रेलखंड के अंतर्गत आने वाले 144 किलोमीटर लंबे रेलमार्ग पर बड़े रखरखाव यंत्रों द्वारा किये गए प्रथम चरण की घिसाई का कार्य सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
चीन-लाओस रेलवे के लाओस रेलखंड के परिचालन का दायित्व संभालने वाली लाओस-चीन रेलवे कंपनी लिमिटेड के कॉर्पोरेट एवं जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक ओयांग योंगछुआन के अनुसार, चीन-लाओस रेलवे का लाओस रेलखंड 422 किलोमीटर लंबा है। इस रेलवे के परिचालन शुरू होने के बाद पहली बार लाओस रेलखंड पर बड़े रखरखाव यंत्रों की सहायता से रेल पटरियों की घिसाई का कार्य किया गया है। 18 मई की रात शुरू हुए इस कार्य के दौरान लाओस-चीन रेलवे कंपनी लिमिटेड और चाइना रेलवे खुनमिंग ब्यूरो ग्रुप कंपनी लिमिटेड ने लगातार 49 दिनों तक संयुक्त रूप से कार्य किया तथा रात के निर्धारित रखरखाव समय का उपयोग कर रेल पटरियों की सूक्ष्म घिसाई की, जिससे इस रेलमार्ग की समतलता में प्रभावी सुधार लाया गया और यात्रियों के सफर को अधिक सुगम और आरामदायक बनाया गया।
लाओस-चीन रेलवे कंपनी लिमिटेड के अनुसार, रेल पटरियों की घिसाई को पटरियों का “पुनर्जीवन उपचार” माना जाता है, जिससे पटरियों की सेवा-आयु में उल्लेखनीय वृद्धि होती है, ट्रेनों के संचालन के दौरान उत्पन्न होने वाले शोर और कंपन में कमी आती है तथा यात्रियों के यात्रा अनुभव में सुधार होता है।
इस कार्य के सफलतापूर्वक पूरा होने से न केवल चीन–लाओस रेलवे के लाओस रेलखंड में बड़े रखरखाव यंत्रों द्वारा रेल पटरियों की घिसाई तकनीक के उपयोग की शुरुआत हुई है, बल्कि इस वर्ष अगस्त में प्रस्तावित दूसरे चरण की घिसाई परियोजना के लिए भी महत्वपूर्ण अनुभव प्राप्त हुआ है। इससे चीन–लाओस रेलवे के सुरक्षित संचालन के लिए और अधिक मजबूत आधार तैयार हुआ है।