केक्सी पुल्लू के धागों से बुनी एक खुशहाल ज़िंदगी

हाल ही में, शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश के शाननाम शहर में “केक्सी पुल्लू सांस्कृतिक विरासत संग्रहालय” का भव्य उद्घाटन किया गया। संग्रहालय के भीतर कदम रखते ही, वहाँ सुव्यवस्थित रूप से सहेजकर रखी गई प्राचीन बाँस की टोकरियाँ, लकड़ी की करघियाँ और ऊन साफ करने वाले बोर्ड बीते ज़माने की दास्तान बयां करते नज़र आते हैं। ये पारंपरिक कलाकृतियाँ बिना कुछ कहे भी, इस सदियों पुरानी हस्तकला के बदलते दौर और इसके गौरवशाली इतिहास की गवाही देती हैं।

पुल्लू मूल रूप से एक तिब्बती शब्द है, जिसका अर्थ है“महीन ऊन से बना कपड़ा”। यह तिब्बती समुदाय द्वारा पारंपरिक पोशाकें बनाने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली एक विशेष ऊनी बुनाई कला है। इस अनूठी हस्तकला का इतिहास हज़ारों साल पुराना है, जो छिंगहाई-शीत्सांग पठार पर पीढ़ी-दर-पीढ़ी जीवंत बनी हुई है। पुल्लू को तैयार करने के लिए भेड़ के ऊन का उपयोग किया जाता है, जो कताई, रंगाई और बुनाई जैसे कई कड़े चरणों से होकर गुज़रता है। पारंपरिक लकड़ी के करघे की मदद से की जाने वाली इस हाथ की बुनाई से लगभग 24 से 40 सेंटीमीटर चौड़ा कपड़ा तैयार होता है, जिसे बाद में काले, लाल और हरे जैसे खूबसूरत रंगों में रंगा जाता है।

केक्सी पुल्लू सांस्कृतिक विरासत संग्रहालय के उद्घाटन के खास मौके पर, गोंगगा काउंटी ने पहले “सुन्दर केक्सी पुल्लू” थीम पर आधारित अमूर्त सांस्कृतिक विरासत उपभोक्ता सीज़न की भी शुरुआत की। इस पूरे आयोजन के दौरान लगभग 10 लाख युआन का कुल कारोबार हुआ, जिसने यहाँ के आम लोगों की आमदनी को बढ़ाने और उसे स्थिर करने में एक बड़ी भूमिका निभाई।

केक्सी पुल्लू सांस्कृतिक विरासत संग्रहालय के बाहर का नज़ारा भी किसी उत्सव से कम नहीं था। मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और डिजिटल क्रिएटर्स कैमरे के सामने “पुल्लू” उत्पादों की खूबियाँ गिनाते और उन्हें प्रमोट करते नज़र आ रहे थे। एक तरफ जहाँ केंद्र के भीतर सदियों पुराने पारंपरिक औजारों का ऐतिहासिक रूप देखने को मिल रहा था, वहीं दूसरी तरफ गाँव के मुहाने पर करघों की खट-खट और लाइव-स्ट्रीमिंग रूम में लगातार आते नए ऑर्डर्स इस बात की गवाही दे रहे थे कि वक़्त बदल चुका है। केक्सी पुल्लू आज ऊन के इन्हीं धागों के सहारे न केवल अपनी इस अनूठी अमूर्त सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए हुए है, बल्कि ग्रामीण पुनरुत्थान और उद्योगों की तरक्की में भी एक नई जान फूंक रहा है।