वर्ष 2026 के पहले पाँच महीनों में चीन के सेवा आयात-निर्यात में 6 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि
चीनी वाणिज्य मंत्रालय द्वारा 1 जुलाई को जारी आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 के जनवरी से मई तक चीन के सेवा आयात-निर्यात का कुल मूल्य 30.9948 खरब युआन तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 6 प्रतिशत अधिक है।
आंकड़ों के अनुसार, इस अवधि में सेवा निर्यात 12.3046 खरब युआन रहा, जिसमें 15.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि सेवा आयात 18.6902 खरब युआन रहा, जिसमें 0.4 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, सेवा व्यापार घाटा 6.3856 खरब युआन रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 1.6072 खरब युआन कम हुआ है।
विस्तृत आंकड़ों के अनुसार, ज्ञान-गहन सेवाओं के निर्यात में तीव्र वृद्धि देखी गई। जनवरी से मई तक, ज्ञान-गहन सेवाओं का कुल आयात-निर्यात 13.6874 खरब युआन रहा, जो 5.4 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है और कुल सेवा व्यापार का 44.2 प्रतिशत है। इसी अवधि में ज्ञान-गहन सेवाओं का निर्यात 6.6775 खरब युआन रहा, जिसमें 12.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इनमें बौद्धिक संपदा उपयोग शुल्क तथा व्यक्तिगत सांस्कृतिक एवं मनोरंजन सेवाओं के निर्यात में क्रमशः 64.9 प्रतिशत और 50.1 प्रतिशत की तेज वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, ज्ञान-गहन सेवाओं का आयात 7.0099 खरब युआन रहा, जिसमें 0.3 प्रतिशत की हल्की गिरावट देखी गई।
इसके अतिरिक्त, यात्रा सेवाओं के निर्यात और परिवहन सेवाओं के आयात में तेज वृद्धि दर्ज की गई है। जनवरी से मई के दौरान, यात्रा सेवाओं का निर्यात 1.885 खरब युआन रहा, जो 31.3 प्रतिशत की वृद्धि के साथ प्रमुख सेवा निर्यात क्षेत्रों में सबसे तेज वृद्धि है। इसी अवधि में परिवहन सेवाओं का आयात 4.0252 खरब युआन रहा, जिसमें 26.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह प्रमुख सेवा आयात क्षेत्रों में सबसे तेज वृद्धि वाला क्षेत्र रहा।