शीत्सांग में छोटे अंगूरों ने करोड़ों के बड़े उद्योग को दी रफ्तार

यारलुंग त्सांगपो नदी के तट पर स्थित संगरी काउंटी में अंगूर की बेलों की कतारें बाड़ों पर चढ़ती हुई चारों ओर हरियाली की एक सतत परत रचती हैं। ग्रामीण आजा वांग्मु धूप से बचाव वाली टोपी पहने हुए, बेलों के बीच अपनी उंगलियों को तेजी से चलाते हुए, फुर्ती से कलियाँ छांटने और टहनियों को बांधने में जुटी हैं। उन्होंने सीधे खड़े होकर, अपना पसीना पोंछा और मुस्कुराते हुए रिपोर्टर से कहा, "पहले मुझे सिर्फ जौ की खेती के बारे में जानकारी थी, लेकिन अब अंगूर उगाने से अच्छी आमदनी होती है।"
2011 में, संगरी काउंटी में लगभग 1 हेक्टेयर भूमि पर अंगूर की पहली प्रयोगात्मक खेती की गई, जिससे अत्यधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में खेती के प्रयोग की एक महत्वपूर्ण शुरुआत की ओर कदम बढ़ाया गया। वैज्ञानिक टीम ने तुलनात्मक परीक्षण के लिए 60 से अधिक किस्मों को पेश किया, जिसमें तेज हवाओं, कम तापमान और पत्तियों के झुलसने जैसी चुनौतियों पर काबू पाते हुए, उन्होंने "गहरी खाई में रोपण" जैसी नयी अनुकूलित कृषि तकनीकों की खोज की और इस "वर्जित क्षेत्र" में भी खेती का एक नया रास्ता तैयार कर दिखाया।
संगरी काउंटी ने अंगूर उद्योग को अपने प्रमुख और विशिष्ट उद्योग के रूप में सूचीबद्ध किया है, और भूमि हस्तांतरण, बुनियादी ढांचे के विकास और तकनीकी आयात में लगातार निवेश किया है। कस्बे की सीमाओं को तोड़ते हुए, उन्होंने “विशिष्ट अंगूर उद्योग संयुक्त ग्राम पार्टी समिति” की स्थापना की, ताकि संसाधनों का एकीकृत समन्वय सुनिश्चित किया जा सके और सामूहिक विकास को बढ़ावा दिया जा सके। इसके साथ ही, हुनान प्रांत के युएयांग से आए शीत्सांग सहायता टीम ने भी लगातार मदद प्रदान की, जिसमें इस दल द्वारा कृषि विशेषज्ञों को ऑन-साइट मार्गदर्शन के लिए भेजा जा रहा है और बिक्री बाजार के विस्तार में सहायता प्रदान की जा रही है।

25.8 करोड़ निवेश के साथ, मिट्टी में सुधार और ड्रिप सिंचाई प्रणाली को आगे बढ़ाया गया। कल तक जो लवणीय और रेतीला तट था, वह अब हज़ारों मू के हरे-भरे नखलिस्तान में बदल चुका है। यह क्षेत्र अब शीत्सांग का सबसे बड़ा अंगूर खेती केंद्र बनकर उभरा है, और दुनिया के सबसे अधिक ऊंचाई वाले "विडाल" (Vidal) अंगूर खेती आधार के रूप में भी प्रमाणित किया गया है।
अंगूर की शानदार फसल तैयार होने के बाद, असली चुनौती बेहतरीन वाइन बनाने और उसे दूर-दराज के बाजारों तक पहुंचाने की थी। वाइनरी ने अपनी पारंपरिक तकनीकों में बदलाव किया और ”आइस वाइन” का विकास किया, जो आम लोगों के स्वाद के अधिक अनुकूल है। अपनी शुद्ध और अनोखी खुशबू व स्वाद के दम पर, इनमें से एक वैरायटी लोकप्रिय हुई, और इसकी बिक्री हांगकांग तथा मलेशिया जैसे दूरदराज के क्षेत्रों तक होने लगी।
प्रमुख कंपनियों के नेतृत्व पर आधारित, इस "बैंगनी उद्योग श्रृंखला" ने साझा समृद्धि के वास्तविक परिणाम दिए हैं। पूरे काउंटी में अंगूर उद्योग का उत्पादन मूल्य 20 करोड़ युआन को पार कर गया है, जिसका लाभ 3 कस्बों और 10 गांवों तक फैला है, और इसके द्वारा 2700 से अधिक लोगों को रोजगार दिया जा चुका है। 2017 से अब तक, मजदूरी के रूप में कुल मिलाकर लगभग 6 करोड़ युआन का भुगतान किया जा चुका है, जिससे आसपास के किसानों और चरवाहों की वार्षिक औसत आय में 20% से अधिक की वृद्धि हुई है।