चीन-अमेरिका और चीन-जापान आर्थिक मुद्दों पर चीनी वाणिज्य मंत्रालय की प्रतिक्रिया
चीनी वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता ह यातोंग ने 25 जून को देश की राजधानी पेइचिंग में आयोजित नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चीन-अमेरिका व्यापार परामर्श में बनी सहमति के अनुसार, दोनों पक्ष एक व्यापार परिषद स्थापित करने पर सहमत हुए हैं। इस परिषद के तहत पारस्परिक शुल्क कटौती सहित विभिन्न सहयोगी मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि दोनों देशों की व्यापार टीमें इस विषय पर आगे भी परामर्श जारी रखेंगी।
प्रवक्ता ने कहा कि विमानन और कृषि उत्पादों के क्षेत्र में चीन और अमेरिका के बीच व्यापारिक सहयोग आपसी लाभ और उभय-जीत पर आधारित है। दोनों पक्ष संवाद बनाए रखेंगे और अपनी-अपनी कंपनियों को इन क्षेत्रों में संबंध मजबूत करने तथा व्यापारिक सहयोग बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित और मार्गदर्शन करेंगे।
हाल के दिनों में कई जापानी व्यापारिक नेताओं ने चीन का दौरा किया। इस पर ह यातोंग ने कहा कि चीन उच्च स्तरीय खुलेपन का विस्तार जारी रखते हुए बाज़ार-उन्मुख, विधि-आधारित और अंतर्राष्ट्रीय मानकों वाला प्रथम श्रेणी का व्यापारिक वातावरण तैयार कर रहा है। साथ ही, चीन दुनिया भर के देशों के साथ पारस्परिक लाभ वाले आर्थिक और व्यापारिक आदान-प्रदान तथा सहयोग को आगे बढ़ा रहा है, जिससे विकास के अवसर साझा किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि थाईवान मुद्दे पर जापानी प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची की ग़लत टिप्पणियों ने चीन-जापान संबंधों की राजनीतिक नींव को गंभीर रूप से नुकसान पहुंचाया है और दोनों देशों के आर्थिक व व्यापारिक सहयोग पर भी नकारात्मक प्रभाव डाला है। प्रवक्ता ने उम्मीद जताई कि जापानी व्यापार समुदाय अपने हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य करेगा और जापानी सरकार से आग्रह करेगा कि वह अपनी ग़लतियों पर गंभीरता से विचार करे, उन्हें सुधारे और द्विपक्षीय आर्थिक व व्यापारिक सहयोग को स्वस्थ विकास की राह पर वापस लाने के लिए अनुकूल परिस्थितियां बनाए।