हांगचोउ में चीन की पहली यातायात प्रबंधन रोबोट टीम तैनात


शीहू (पश्चिम झील) दर्शनीय क्षेत्र में यातायात प्रबंधन रोबोट। (जन-दैनिक)

शाम के व्यस्त यातायात समय में चेचियांग प्रांत के हांगचोउ शहर के कुंगशू जिले स्थित तीयूछांग मार्ग और यानआन मार्ग के चौराहे पर हांगचोउ नगर सार्वजनिक सुरक्षा ब्यूरो की यातायात प्रबंधन शाखा के कुंगशू ब्रिगेड की वूलिन मध्य इकाई के उप-इकाई प्रमुख छन सानछुआन एक ओर यातायात का संचालन करते दिखाई दिए, जबकि उनके “नए सहकर्मी” दूसरी ओर उनके साथ तालमेल बिठाते हुए यातायात व्यवस्था बनाए रखने में जुटे थे।

यह “नया सहकर्मी” दरअसल “हांगचोउ पुलिस स्मार्ट ट्रैफिक” परियोजना के तहत विकसित यातायात प्रबंधन रोबोटों की पहली खेप का सदस्य है। 1.88 मीटर ऊंचे इस रोबोट का बाहरी स्वरूप हांगचोउ यातायात पुलिस की मानक वर्दी पर आधारित है। इसके सिर पर काली पुलिस टोपी, शरीर पर फ्लोरोसेंट पीले-हरे रंग का परावर्तक सुरक्षा कवच तथा नीचे चार पहियों वाला गतिशील आधार मंच लगाया गया है, जो इसे उन्नत तकनीकी क्षमताओं से लैस करता है।


यातायात प्रबंधन रोबोट। (जन-दैनिक)

इस वर्ष 1 मई को ऐसे 15 यातायात प्रबंधन रोबोटों की पहली खेप को औपचारिक रूप से इकाई संरचना के तहत पश्चिमी झील (शीहू) पर्यटन क्षेत्र और हांगचोउ के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों के आसपास स्थित प्रमुख चौराहों पर तैनात किया गया। तैनाती के बाद इन रोबोटों ने उल्लेखनीय परिणाम दर्ज किए हैं। अब तक वे कुल 647.7 घंटे तक सक्रिय रूप से कार्य कर चुके हैं, 25,000 से अधिक बार यातायात नियम उल्लंघनों के प्रति लोगों को सचेत कर चुके हैं तथा 2,000 से अधिक परामर्श सेवाएं प्रदान कर चुके हैं। ड्यूटी अवधि के दौरान औसतन प्रत्येक 1 मिनट 43 सेकंड में एक बार यातायात संबंधी चेतावनी या स्मरण संदेश भी जारी किया गया।