चीन ने वैश्विक कंपनियों को निवेश और सहयोग के लिए दिया खुला आमंत्रण
चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने सोमवार को पेइचिंग में आयोजित नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि चीन सभी देशों की कंपनियों का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि विदेशी उद्यम चीन के विशाल बाजार की संभावनाओं का लाभ उठाएं, उच्च गुणवत्ता वाले विकास के अवसरों में भागीदारी करें और वैश्विक औद्योगिक तथा आपूर्ति श्रृंखलाओं को अधिक सहयोगात्मक और पारस्परिक लाभ वाली व्यवस्था में बदलने में योगदान दें।
गौरतलब है कि चौथे चीन अंतर्राष्ट्रीय आपूर्ति श्रृंखला एक्सपो (CISCE) का उद्घाटन 22 जून को पूर्वोत्तर पेइचिंग के शुनयी जिले में हुआ। क्वो च्याखुन के अनुसार, इस वर्ष के एक्सपो में 85 देशों, क्षेत्रों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के 1,200 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा ले रहे हैं। इनमें विदेशी प्रदर्शकों की हिस्सेदारी 36 प्रतिशत से अधिक है, जबकि फॉर्च्यून ग्लोबल 500 कंपनियों और उद्योग जगत की अग्रणी कंपनियों की भागीदारी 65 प्रतिशत से अधिक है।
उन्होंने कहा कि दुनिया भर की कंपनियों की सक्रिय भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि वे चीन के विशाल बाजार को महत्व देती हैं और उसकी आर्थिक संभावनाओं पर भरोसा रखती हैं।
क्वो च्याखुन ने कहा कि वैश्विक औद्योगिक और आपूर्ति श्रृंखलाओं की स्थिरता विश्व अर्थव्यवस्था के स्वस्थ विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार प्रमुख देश के रूप में चीन अपनी मजबूत औद्योगिक प्रणाली और विशाल बाजार का उपयोग करते हुए वैश्विक अर्थव्यवस्था के सुचारू संचालन को बढ़ावा देने तथा औद्योगिक और आपूर्ति श्रृंखलाओं के सार्वजनिक हितों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि CISCE दुनिया का पहला राष्ट्रीय स्तर का ऐसा एक्सपो है, जो विशेष रूप से आपूर्ति श्रृंखला पर केंद्रित है। यह चीनी और विदेशी कंपनियों को अपनी आपूर्ति श्रृंखलाओं, औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्रों और नवाचारों को प्रदर्शित करने का मंच प्रदान करता है। साथ ही, यह कंपनियों के लिए नए साझेदार और व्यावसायिक समाधान खोजने का एक महत्वपूर्ण सेतु भी है।