पेइचिंग में चीन और दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपतियों के बीच मुलाकात
चीनी उपराष्ट्रपति हान चंग ने 23 जून को देश की राजधानी पेइचिंग में दक्षिण अफ्रीका के उपराष्ट्रपति शिपोकोसा पॉलस माशातिले से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने बहुपक्षीय क्षेत्रों में सहयोग को सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
मुलाकात में हान चंग ने कहा कि दोनों पक्षों को दोनों राष्ट्राध्यक्षों द्वारा बनी महत्वपूर्ण सहमति को और आगे बढ़ाना चाहिए, राजनीतिक आपसी विश्वास को गहरा करना चाहिए, व्यावहारिक सहयोग को मजबूत करना चाहिए और बैठक के परिणामों को लागू करने में अधिक प्रगति करनी चाहिए।
हान चंग ने यह भी कहा कि ब्रिक्स और जी-20 के सदस्य होने के नाते, चीन और दक्षिण अफ्रीका को अंतरराष्ट्रीय सहयोग को मजबूत करना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक शासन में सुधार लाने में संयुक्त रूप से सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।
वहीं, माशातिले ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका लगातार चीन के साथ राजनीतिक आपसी विश्वास को गहरा करने, आपसी लाभ वाले सहयोग को मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में आदान-प्रदान को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
उन्होंने अपने देश के एक-चीन नीति का दृढ़तापूर्वक पालन करने पर जोर दिया और कहा कि दक्षिण अफ्रीका चीन के साथ मिलकर दोनों राष्ट्राध्यक्षों द्वारा हासिल की गई सहमति को लागू करना चाहता है, अपने-अपने मूल हितों की रक्षा करने में एक-दूसरे का दृढ़तापूर्वक समर्थन करना चाहता है, बहुपक्षीय क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना चाहता है, ताकि नए युग में दोनों देशों के बीच व्यापक रणनीतिक सहयोग साझेदारी को और अधिक गहरा और व्यावहारिक बनाया जा सके।