चीन की औद्योगिक अर्थव्यवस्था की मजबूत शुरुआत


16 मई 2026 को हुनान प्रांत में स्थित सैनी हेवी इंडस्ट्री के स्मार्ट विनिर्माण प्रदर्शन कारखाने का दृश्य। (VCG)

17 जून को चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय द्वारा आयोजित कुछ प्रांतों की औद्योगिक अर्थव्यवस्था की परिचालन स्थिति पर विचार-विमर्श बैठक में जानकारी दी गई कि इस वर्ष की शुरुआत से चीन की औद्योगिक अर्थव्यवस्था ने समग्र रूप से सकारात्मक शुरुआत दर्ज की है। बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि स्थिरता के साथ प्रगति की कार्यनीति पर कायम रहते हुए घरेलू आर्थिक कार्यों और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक एवं व्यापारिक चुनौतियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, विकास और सुरक्षा को समान रूप से महत्व दिया जाए तथा औद्योगिक अर्थव्यवस्था की सकारात्मक गति को निरंतर मजबूत किया जाए।

बैठक में मंत्रालय के संबंधित अधिकारियों ने कहा कि वर्तमान में औद्योगिक अर्थव्यवस्था के संचालन में कुछ कठिनाइयां और चुनौतियां मौजूद हैं, किंतु इसके विकास की बुनियादी स्थिति तथा दीर्घकालिक सकारात्मक प्रवृत्ति में कोई परिवर्तन नहीं आया है। उन्होंने मांग और आपूर्ति के बेहतर संतुलन, घरेलू मांग की संभावनाओं के गहन दोहन तथा उच्च गुणवत्ता वाले उत्पादों की आपूर्ति बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही, नए विकास प्रेरकों को बढ़ावा देने, “AI+ विनिर्माण” विशेष अभियान को गहराई से लागू करने, नई पीढ़ी की सूचना प्रौद्योगिकी के व्यापक उपयोग को तेज करने, नई गुणवत्ता वाली उत्पादक शक्तियों के विकास को प्रोत्साहित करने तथा अव्यवहारिक और अत्यधिक प्रतिस्पर्धा पर अंकुश लगाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।

इसके अतिरिक्त, आर्थिक परिस्थितियों के आकलन और नीतिगत तैयारी को और मजबूत करने, आंकड़ों के सतही स्वरूप से आगे बढ़कर आर्थिक गतिविधियों की वास्तविक स्थिति और प्रवृत्तिगत परिवर्तनों का सटीक विश्लेषण करने, प्रमुख उद्यमों को राहत एवं सहायता प्रदान करने तथा ग्रीष्मकालीन उच्च बिजली मांग के दौरान ऊर्जा आपूर्ति, आपदा-निवारण और आपातकालीन प्रबंधन की समुचित व्यवस्था करने का आह्वान किया गया। बैठक में यह भी कहा गया कि इन प्रयासों के माध्यम से दूसरी तिमाही में औद्योगिक अर्थव्यवस्था के स्थिर संचालन को सुनिश्चित किया जाएगा, वार्षिक लक्ष्यों की प्राप्ति का प्रयास किया जाएगा तथा 15वीं पंचवर्षीय योजना अवधि की सफल शुरुआत के लिए मजबूत आधार तैयार किया जाएगा।