वांग यी और अब्बास अराकची के बीच अहम फोन वार्ता

(CRI)13:46:33 2026-06-18

चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने 17 जून को ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराकची के साथ फोन पर बातचीत की। यह बातचीत अराकची के अनुरोध पर हुई।

अब्बास अराकची ने वांग यी को ईरान-अमेरिका समझौता ज्ञापन के पहले चरण की प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने इस वार्ता प्रक्रिया में चीन की सकारात्मक भूमिका के लिए आभार भी जताया। अराकची ने ज़ोर देकर कहा कि इस समझौते को सही तरीके से लागू किया जाना ज़रूरी है, और इसमें लेबनान में इज़रायल के सैन्य अभियानों को रोकना भी शामिल है।

उन्होंने यह भी कहा कि ईरान हमेशा चीन के साथ अपने रिश्तों को रणनीतिक नज़रिए से देखता है और दोनों देशों के बीच आपसी भरोसा बढ़ाने तथा व्यापक रणनीतिक साझेदारी को आगे ले जाने के लिए मिलकर काम करने की उम्मीद रखता है।

वहीं वांग यी ने कहा कि चीन इस समझौते के पहले चरण का स्वागत करता है। उन्होंने कहा कि यह साफ़ हो चुका है कि ताक़त और दबाव से मसले नहीं सुलझते बल्कि बातचीत और संवाद ही असली रास्ता है। उन्होंने यह भी कहा कि चीन एक व्यापक रणनीतिक साझेदार के रूप में हमेशा ईरान के जायज़ हितों का समर्थन करता है, उसकी संप्रभुता और सुरक्षा के साथ खड़ा रहता है, और अंतरराष्ट्रीय मध्यस्थता प्रयासों को भी बढ़ावा देता है।

वांग यी ने कहा कि शांति की उम्मीद दिखाई देने लगी है, लेकिन अब सभी पक्षों को अपनी प्रतिबद्धताओं पर वास्तव में अमल करना होगा। साथ ही सभी पक्षों के हस्तक्षेप को समाप्त करना होगा।

होर्मुज़ जलडमरूमध्य में नौवहन के मुद्दे पर वांग यी ने कहा कि इसे संयमित और विवेकपूर्ण तरीके से सुलझाया जाना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय समुदाय की चिंताओं को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि चीन, ईरान को क्षेत्रीय देशों के साथ संबंध सुधारने और क्षेत्रीय सुरक्षा ढाँचे को मिलकर बनाने में पूरा सहयोग देगा। चीन दोनों देशों के बीच संवाद और समन्वय को और मज़बूत करते हुए क्षेत्रीय शांति और स्थिरता में अपना योगदान जारी रखेगा।