10वां दक्षिण एशिया प्रदर्शनी मेला संपन्न, 27.7 अरब युआन से अधिक के निवेश समझौते

10वां चीन–दक्षिण एशिया प्रदर्शनी मेला 16 जून को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। (VCG)
10वां चीन–दक्षिण एशिया प्रदर्शनी मेला 16 जून को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अब तक उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, इस प्रदर्शनी मेले में वास्तविक अनुबंधों का कुल मूल्य 27.7 अरब युआन से अधिक रहा। इनमें घरेलू एवं विदेशी व्यापार परियोजनाओं का मूल्य 10.251 अरब युआन तथा निवेश सहयोग परियोजनाओं का मूल्य 17.489 अरब युआन रहा, जो पिछली प्रदर्शनी की तुलना में क्रमशः 20.9 प्रतिशत और 28.5 प्रतिशत अधिक है।
युन्नान प्रांत के वाणिज्य विभाग के निदेशक ली छाओवेई ने बताया कि इस बार की प्रदर्शनी मेले में 68 देशों, क्षेत्रों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने भाग लिया, जिससे दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया तथा आरसीईपी सदस्य देशों की पूर्ण भागीदारी सुनिश्चित हुई। विश्व की शीर्ष 500 कंपनियों, चीन की शीर्ष 500 कंपनियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की अग्रणी कंपनियों सहित 112 प्रमुख उद्यमों ने प्रदर्शनी मेले में हिस्सा लिया, जबकि देश-विदेश की 2,301 कंपनियां इसमें शामिल हुईं। इटली, उरुग्वे सहित सात देशों के चीन स्थित दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों ने पहली बार राष्ट्रीय मंडल के रूप में भागीदारी की। वहीं जर्मनी, ब्राजील और मिस्र सहित 45 देशों के उद्यम पहली बार खरीद गतिविधियों में शामिल हुए, जिससे अंतरराष्ट्रीय सहयोग का दायरा उल्लेखनीय रूप से विस्तृत हुआ।
चीन–दक्षिण एशिया प्रदर्शनी मेले का संयुक्त आयोजन चीन के वाणिज्य मंत्रालय और युन्नान प्रांतीय सरकार द्वारा किया गया। दक्षिण एशिया क्षेत्र पर केंद्रित यह एक महत्वपूर्ण प्रदर्शनी है, जिसका उद्देश्य चीन और दक्षिण एशियाई देशों के बीच आर्थिक एवं व्यापारिक सहयोग को बढ़ावा देना है। इस वर्ष की प्रदर्शनी मेले का उद्घाटन 11 जून को खुनमिंग में हुआ था। छह दिनों तक चली इस प्रदर्शनी मेले में लगभग पांच लाख लोगों ने भाग लिया।