धरोहर संरक्षण पर केंद्रित चीन का पहला विशेष रिमोट सेंसिंग उपग्रह सफलतापूर्वक प्रक्षेपित

चीनी राष्ट्रीय सांस्कृतिक धरोहर प्रशासन से 15 जून को प्राप्त जानकारी के अनुसार, उसी दिन दोपहर 12 बजे सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण पर केंद्रित चीन का पहला विशेष दूरसंवेदी निगरानी उपग्रह “वेनवू-01” चिउछ्वान उपग्रह को प्रक्षेपण केंद्र से सफलतापूर्वक प्रक्षेपित किया गया और वह निर्धारित कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित हो गया।

“वेनवू-01” उपग्रह का विकास राष्ट्रीय सांस्कृतिक धरोहर प्रशासन और छांगकुआंग सैटेलाइट टेक्नोलॉजी कंपनी लिमिटेड के संयुक्त प्रयासों से किया गया है। इसमें उच्च-सटीकता वाले प्रकाशीय दूरसंवेदी उपकरण लगाए गए हैं, जिनकी पैनक्रोमैटिक विभेदन क्षमता 0.5 मीटर से बेहतर है। इसके अलावा, उपग्रह में बहुवर्णीय चित्रण चैनल भी स्थापित किए गए हैं, जिनकी सहायता से सांस्कृतिक धरोहर संसाधनों की स्थानिक सूचना संग्रहण, त्रि-आयामी मॉडल निर्माण तथा गतिशील तुलनात्मक विश्लेषण जैसे कार्य प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे। बताया जा रहा है कि प्रक्षेपण के बाद “वेनवू-01” उपग्रह 130 से अधिक उपग्रहों वाले जीलिन-1 उपग्रह समूह नेटवर्क के साथ मिलकर कार्य करेगा, जिससे बड़े पैमाने के उपग्रह समूह की क्षमताओं का उपयोग करते हुए यह प्रणाली विशाल, सटीक और समयानुक्रमिक दूरसंवेदी आंकड़े उपलब्ध कराएगी। इससे चीन के विभिन्न स्तरों की सांस्कृतिक धरोहर संरक्षण इकाइयों की उच्च-सटीकता, उच्च-आवृत्ति, नियमित और व्यापक निगरानी क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होने की उम्मीद है।