वांग यी ने नेपाली विदेश मंत्री से बातचीत की

चीनी कम्युनिस्ट पार्टी(सीपीसी) की केंद्रीय समिति के राजनीतिक ब्यूरो के सदस्य और विदेश मंत्री वांग यी ने 15 जून को पेइचिंग में नेपाली विदेश मंत्री शिशिर खनाल से बातचीत की।
वांग यी ने कहा कि दोनों देशों ने विकास और समृद्धि की ओर उन्मुख पीढ़ी दर पीढ़ी मैत्रीपूर्ण रणनीतिक साझेदारी स्थापित की, जिससे चीन-नेपाल संबंधों के लिए संयुक्त प्रयासों की दिशा स्पष्ट कर दी। पिछले वर्ष, दोनों देशों के लोगों ने संयुक्त रूप से राजनयिक संबंधों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ मनाई। चीन, नेपाल के साथ मिलकर पारंपरिक मित्रता को जारी रखने, राजनीतिक आपसी विश्वास को बढ़ाने और समय के अनुरूप चीन-नेपाल रणनीतिक सहयोग में नई उपलब्धियों को बढ़ावा देने के लिए तत्पर है।
वांग यी ने इस बात पर जोर दिया कि चीन, नेपाल की एक-चीन सिद्धांत के प्रति दृढ़ प्रतिबद्धता और थाईवान, शीत्सांग और चीन के मूल हितों से जुड़े अन्य मुद्दों पर चीन को दिए गए दृढ़ समर्थन की सराहना करता है। चीन हमेशा अपनी पड़ोसी कूटनीति में नेपाल के साथ अपने संबंधों को महत्वपूर्ण स्थान देता है और नेपाल के प्रति चीन की मैत्रीपूर्ण नीति सभी नेपाली लोगों के लिए है। चीन हमेशा की तरह नेपाल की राष्ट्रीय संप्रभुता, स्वतंत्रता और प्रादेशिक अखंडता की रक्षा में उसका समर्थन करता रहेगा, जनता के समर्थन में नई नेपाली सरकार को सुचारू रूप से शासन करने में समर्थन देगा और नेपाल को अपनी राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुकूल विकास पथ तलाशने में समर्थन देगा। इतिहास और तथ्य सिद्ध करते हैं कि चीन-नेपाल मित्रता नेपाल के देश, राष्ट्र और जनता के मूलभूत हितों के अनुरूप है।
वांग यी ने कहा कि निकट का पड़ोसी दूर के रिश्तेदार से बेहतर होता है। चीन नेपाल के विकास, पुनरुद्धार और आधुनिकीकरण की प्रक्रिया में हमेशा एक विश्वसनीय और भरोसेमंद पड़ोसी और भागीदार रहेगा। चीन नेपाल के साथ उच्च गुणवत्ता वाली बेल्ट एंड रोड पहल का सहनिर्माण करने, बिजली ग्रिड, राजमार्ग, बंदरगाह और विमानन जैसे क्षेत्रों में सहयोग पर ध्यान केंद्रित करते हुए नेपाल को एक भू-बद्ध देश से एक भू-संबद्ध देश में बदलने में मदद करने को तैयार है। दोनों पक्षों को व्यावहारिक सहयोग को गहरा करने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न सहयोग मंचों और तंत्रों का सदुपयोग करना चाहिए। चीन चीनी उद्यमों को नेपाल में निवेश और व्यापार करने के लिए प्रोत्साहित करता है और आशा करता है कि नेपाल अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी व्यापारिक वातावरण प्रदान करेगा। दोनों पक्षों को बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करना चाहिए और विकासशील देशों के साझा हितों की रक्षा करनी चाहिए।
शिशिर खनाल ने कहा कि थाईवान और शीत्सांग के मुद्दे चीन के आंतरिक मामले हैं। नेपाल एक-चीन नीति का दृढ़तापूर्वक पालन करता है, चीन के पूर्ण एकीकरण का समर्थन करता है और किसी भी ताकत को नेपाली क्षेत्र का उपयोग करके चीन के हितों को नुकसान पहुंचाने की अनुमति नहीं देगा। चीन का विकास नेपाल के लिए एक अवसर है। नेपाल चीनी निवेश का स्वागत करता है और चीनी उद्यमों के लिए निष्पक्ष, विधि-प्रधान और अनुकूल व्यापारिक वातावरण प्रदान करने के लिए तत्पर है।