आसियान देशों के फलों के लिए तेज़ परिवहन गलियारा बना क्वांगशी

चीन में गर्मियों की शुरुआत के साथ ही मलेशिया के ड्यूरियन, वियतनाम की लीची और थाईलैंड के मैंगोस्टीन सहित आसियान देशों के ताज़े फलों की खेपें लगातार क्वांगशी प्रान्त के विभिन्न प्रवेश बंदरगाहों से होकर चीन के बाजारों तक पहुंच रही हैं। पर्वतों और समुद्रों को पार कर आने वाले ये फल क्वांगशी में संग्रहण और वितरण के बाद चीन के करोड़ों परिवारों की भोजन मेज़ तक पहुंच रहे हैं। चीन का एकमात्र ऐसा प्रांतीय क्षेत्र होने के नाते, जिसकी सीमाएं आसियान देशों से स्थल और समुद्र दोनों मार्गों से जुड़ी हैं, क्वांगशी आसियान फलों के चीन में प्रवेश का प्रमुख गलियारा बनकर उभरा है।

आंकड़ों के अनुसार, चीन में आयात होने वाले लगभग एक-तिहाई आसियान फल क्वांगशी के माध्यम से प्रवेश करते हैं। दूसरे शब्दों में, चीन में आयात किए जाने वाले प्रत्येक तीन ड्यूरियन फलों में से एक क्वांगशी के रास्ते चीन पहुंचता है। इस वर्ष जनवरी से अप्रैल के बीच क्वांगशी के बंदरगाहों के माध्यम से 8 लाख 94 हजार 700 टन आसियान फलों का आयात किया गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 12.3 प्रतिशत अधिक है। इसी अवधि में इन फलों का आयात मूल्य 9.525 अरब युआन रहा, जिसमें 58.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
एक फल केवल दो देशों को ही नहीं जोड़ता, बल्कि व्यापार और लोगों के बीच संबंधों को भी मजबूत बनाता है। बागानों से उपभोक्ताओं की टोकरी तक और आसियान के ताज़े फलों से लोगों की स्वाद-इच्छाओं की पूर्ति तक, क्वांगशी अपनी परिवहन और लॉजिस्टिक क्षमता के बल पर उपभोक्ताओं तक विविध फलों की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है।