शीत्सांग में वसंतकालीन बुआई का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा

निंगची शहर में खेती। (VCG)
हाल ही में शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश के कृषि एवं ग्रामीण मामलों के विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 मई तक पूरे प्रदेश में वसंतकालीन बुआई का क्षेत्रफल लगभग 2.17 लाख हेक्टेयर तक पहुँच गया, जो कुल नियोजित बुआई क्षेत्र का 89.9 प्रतिशत है। इसके साथ ही वसंतकालीन बुआई का कार्य अपने अंतिम चरण में पहुँच गया है। इनमें खाद्यान्न फसलों की बुआई लगभग 1.67 लाख हेक्टेयर (जिसमें 1.47 लाख हेक्टेयर वसंतकालीन जौ शामिल है), सब्जियों की लगभग 22,000 हेक्टेयर, तिलहन फसलों की लगभग 16,720 हेक्टेयर तथा चारा एवं पशु आहार फसलों की लगभग 1.13 लाख हेक्टेयर भूमि पर की गई है।
विभिन्न शहरों और क्षेत्रों की प्रगति पर नजर डालें तो छाम्दो शहर में लगभग 57,000 हेक्टेयर क्षेत्र में बुआई पूरी हो चुकी है, जो निर्धारित लक्ष्य का 99.35 प्रतिशत है। शाननान शहर में लगभग 25000 हेक्टेयर (94.22 प्रतिशत), नाक्छू शहर में लगभग 3,820 हेक्टेयर (92.88 प्रतिशत) तथा ल्हासा शहर में लगभग 37,400 हेक्टेयर (92.44 प्रतिशत) क्षेत्र में बुआई पूरी की जा चुकी है। वहीं, निंगची शहर, शिगात्से शहर और आली क्षेत्र में बुआई कार्य की प्रगति क्रमशः 85.37 प्रतिशत, 83.17 प्रतिशत और 68.68 प्रतिशत रही है तथा शेष बुआई कार्य को तेज़ी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
वर्तमान में शीत्सांग के विभिन्न स्तरों के कृषि एवं ग्रामीण मामलों के विभाग शेष बुआई कार्यों तथा कृषि सामग्री की आपूर्ति की “अंतिम कड़ी” पर विशेष ध्यान केंद्रित किए हुए हैं, ताकि वसंतकालीन बुआई का कार्य सफलतापूर्वक पूरा किया जा सके और वर्ष भर स्थिर अनाज उत्पादन तथा अच्छी फसल की मजबूत नींव रखी जा सके।