10वें चीन–दक्षिण एशिया मेले में पहली बार सेवा व्यापार प्रदर्शनी मंडप शामिल

खुनमिंग में 10वें चीन–दक्षिण एशिया प्रदर्शनी मेले का स्थान। (VCG)
10वें चीन–दक्षिण एशिया प्रदर्शनी मेले का आयोजन 11 से 16 जून तक युन्नान प्रान्त की राजधानी खुनमिंग में किया जा रहा हैं। युन्नान प्रान्त के वाणिज्य विभाग के निदेशक ली चाओवेई ने बताया कि अब तक 66 से अधिक देशों और क्षेत्रों तथा अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने प्रदर्शनी मेले में भाग लेने के लिए पंजीकरण कराया है। इस बार दक्षिण एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया और RCEP (क्षेत्रीय व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौता) के सभी सदस्य देशों की पूर्ण भागीदारी पहली बार सुनिश्चित हुई है। इस वर्ष के प्रदर्शनी मेले में पहली बार सेवा व्यापार मंडप स्थापित किया गया है और उससे संबंधित सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
ली चाओवेई के अनुसार, सेवा व्यापार मंडप कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), डिजिटल व्यापार और सीमा-पार कंप्यूटिंग क्षमता गलियारे जैसे तीन प्रमुख क्षेत्रों पर केंद्रित होगा। इसके अलावा, “एआई प्लस” खंड में विभिन्न प्रकार के स्मार्ट सेवा रोबोट, सीमा चौकियों पर उपयोग होने वाले स्मार्ट निरीक्षण टर्मिनल तथा एआई आधारित सीमा-पार डेटा सेवा प्रणालियाँ प्रदर्शित की जाएंगी। इनका उपयोग स्मार्ट निरीक्षण, जनसेवा, सीमा-पार संचार, निम्न-ऊंचाई परिचालन एवं रखरखाव तथा जोखिम प्रबंधन जैसे विविध क्षेत्रों में किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि नौ संस्करणों के विकास के बाद दक्षिण एशिया प्रदर्शनी मेला अब केवल वस्तुओं के व्यापार का मंच नहीं रह गया है, बल्कि सेवाओं, प्रौद्योगिकी और डिजिटल संसाधनों के अंतरराष्ट्रीय आदान-प्रदान एवं सहयोग का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। इस वर्ष के प्रदर्शनी मेले में पहली बार खरीद–संपर्क केंद्र भी स्थापित किया गया है, जहाँ निश्चित स्थानों और निर्धारित बैठक व्यवस्थाओं के माध्यम से आपूर्तिकर्ताओं और खरीदारों के बीच आमने-सामने विस्तृत व्यावसायिक वार्ता आयोजित की जाएगी। अब तक 1,500 से अधिक पेशेवर खरीदारों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें विदेशी खरीदारों की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत से अधिक है, जो पिछले वर्षों की तुलना में उल्लेखनीय वृद्धि दर्शाती है। साथ ही, इस वर्ष के प्रदर्शनी मेले में उच्च गुणवत्ता वाली कंपनियों की भागीदारी भी बढ़ी है, जिनमे मेले में भाग लेने के लिए विश्व की शीर्ष 500 कंपनियों, चीन की शीर्ष 500 कंपनियों तथा विभिन्न क्षेत्रों की कुल 112 अग्रणी कंपनियों ने पंजीकरण कराया है।