शी चिनफिंग और जॉर्जिया के राष्ट्रपति सलोमे ज़ूराबिश्विली ने एक-दूसरे को बधाई संदेश भेजे
चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और जॉर्जिया के राष्ट्रपति सलोमे ज़ूराबिश्विली ने 9 जून को दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंध स्थापना की 34वीं वर्षगांठ पर एक-दूसरे को बधाई संदेश भेजे। साथ ही उन्होंने संयुक्त रूप से द्विपक्षीय संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत करने की घोषणा की।
राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने कहा कि पिछले 34 वर्षों में, चीन और जॉर्जिया ने हमेशा पारस्परिक सम्मान, आपसी विश्वास और आपसी लाभ और उभय जीत के सिद्धांतों का पालन करते हुए, द्विपक्षीय संबंधों के स्वस्थ और स्थिर विकास को आगे बढ़ाया है और विभिन्न क्षेत्रों के सहयोग में समृद्ध परिणाम प्राप्त किए हैं। वर्ष 2023 में दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी स्थापित होने के बाद, दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक विश्वास और मजबूत हुआ है, व्यावहारिक सहयोग तेजी से आगे बढ़ा है और बहुपक्षीय समन्वय अधिक प्रभावी हुआ है।
शी ने इस बात पर जोर दिया कि अंतरराष्ट्रीय स्थिति चाहे कैसे भी बदले, चीन हमेशा चीन-जॉर्जिया संबंधों को रणनीतिक ऊंचाई और दीर्घकालिक परिप्रेक्ष्य से देखता है। इस मौके पर, मैं राष्ट्रपति सलोमे ज़ूराबिश्विली के साथ संयुक्त रूप से घोषणा करना चाहता हूं कि चीन-जॉर्जिया संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत किया जाएगा। मेरा मानना है कि यह चीन-जॉर्जिया संबंधों के विकास के लिए नई संभावनाएं खोलेगा, दोनों देशों की पारंपरिक मित्रता के लिए एक नया अध्याय लिखेगा। साथ ही दोनों पक्षों के पारस्परिक लाभ वाले सहयोग को मजबूत गति प्रदान करेगा और चीन व जॉर्जिया की जनता के लिए अधिक कल्याण सृजित करेगा।
राष्ट्रपति सलोमे ज़ूराबिश्विली ने कहा कि पिछले 30 से अधिक वर्षों पर नजर डालें तो जॉर्जिया और चीन के बीच दीर्घकालिक मित्रता स्थापित हुई है और पारस्परिक सम्मान, आपसी विश्वास और रचनात्मक सहयोग के आधार पर द्विपक्षीय संबंधों ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की स्थापना की 34वीं वर्षगांठ के अवसर पर, हमने संयुक्त रूप से जॉर्जिया-चीन संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक उन्नत करने का निर्णय लिया है। मेरा मानना है कि यह दोनों देशों के बीच सहयोग के लिए अधिक अवसर पैदा करेगा, दोनों देशों के लिए अधिक लाभ लाएगा और दोनों देशों के लोगों के बीच मित्रता के बंधन को और मजबूत करेगा।