चीन में इलेक्ट्रॉनिक सूचना विनिर्माण उद्योग का कुल लाभ दोगुने से अधिक बढ़ा

चीन के उद्योग एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2026 के जनवरी–अप्रैल अवधि में, निर्धारित आकार से ऊपर के इलेक्ट्रॉनिक सूचना विनिर्माण उद्योग के अतिरिक्त मूल्य में वर्ष-दर-वर्ष 14 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। यह वृद्धि दर समान अवधि के औद्योगिक क्षेत्र और उच्च-प्रौद्योगिकी विनिर्माण उद्योग की तुलना में क्रमशः 8.4 और 1.4 प्रतिशत अंक अधिक रही।

उत्पादन में तेज़ वृद्धि का रुझान बना रहा। अप्रैल में प्रमुख उत्पादों में मोबाइल फोन का उत्पादन 45.2 करोड़ इकाई रहा, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 0.3 प्रतिशत अधिक है। इनमें स्मार्टफोन का उत्पादन 39 करोड़ इकाई तक पहुंच गया, जिसमें 6.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, IC (इंटीग्रेटेड सर्किट) का उत्पादन 17,697 करोड़ इकाई रहा, जिसमे वर्ष-दर-वर्ष 24.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गयी।

निर्यात वृद्धि दर में स्थिर बढ़ोतरी बनी रही। जनवरी-अप्रैल के दौरान निर्धारित आकार से ऊपर के इलेक्ट्रॉनिक सूचना विनिर्माण उद्योग का निर्यात वितरण मूल्य 5.4 प्रतिशत बढ़ा, जो पहली तिमाही की तुलना में 1.2 प्रतिशत अंक अधिक है। सीमा शुल्क आंकड़ों के अनुसार, टेलीविजन निर्यात में 3.9 प्रतिशत तथा IC (इंटीग्रेटेड सर्किट) के निर्यात में 10.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

उद्योग की लाभप्रदता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। जनवरी-अप्रैल में उद्योग का परिचालन राजस्व 5,88,000 करोड़ युआन रहा, जिसमे सालाना 15.7 की वृधि देखी गयी। परिचालन लागत 5,03,000 करोड़ युआन रही, जबकि कुल लाभ 31,650 करोड़ युआन तक पहुंच गया। दोनों में क्रमशः 12.7 प्रतिशत और 108 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

निवेश वृद्धि भी अपेक्षाकृत तेज़ बनी रही। जनवरी से अप्रैल के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सूचना विनिर्माण उद्योग में स्थिर परिसंपत्ति निवेश 5.4 प्रतिशत बढ़ा, जो पहली तिमाही के समान स्तर पर रहा तथा समान अवधि के औद्योगिक निवेश की वृद्धि दर से 2.9 प्रतिशत अंक अधिक था।