थाईवान मुद्दे पर सीमा लांघने की कीमत चुकानी पड़ेगी: चीनी विदेश मंत्रालय
चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने 4 जून को राजधानी पेइचिंग में आयोजित नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में न्यूजीलैंड के कुछ सांसदों पर चीन द्वारा लगाए गए प्रवेश प्रतिबंधों को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि थाईवान मुद्दे पर सीमा लांघने की कीमत अवश्य चुकानी पड़ेगी।
माओ निंग ने कहा कि हाल ही में न्यूजीलैंड के कुछ सांसदों ने चीन की गंभीर चिंताओं और कड़े विरोध की अनदेखी करते हुए थाईवान का दौरा किया। यह कदम एक-चीन सिद्धांत का उल्लंघन है और चीन के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप भी। उन्होंने बताया कि चीन ने चीन लोक गणराज्य के संबंधित कानूनों के अनुसार संबंधित व्यक्तियों के देश में प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने जैसे कदम उठाने का निर्णय लिया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रश्नों का उत्तर देते हुए माओ निंग ने कहा कि एक-चीन सिद्धांत अंतरराष्ट्रीय समुदाय की व्यापक सहमति और अंतरराष्ट्रीय संबंधों का एक बुनियादी मानदंड है। साथ ही, यह चीन-न्यूजीलैंड संबंधों की राजनीतिक नींव भी है।
उन्होंने संबंधित पक्षों से चीन की संप्रभुता और प्रादेशिक अखंडता का पूरा सम्मान करने तथा एक-चीन सिद्धांत का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया। उन्होंने दोहराया कि थाईवान मुद्दे पर सीमा लांघने की कीमत चुकानी ही पड़ेगी।