चीन की पहली ऑनलाइन प्रस्थान कर-वापसी स्टोर शुरू

हाल ही में चीन की पहली ऑनलाइन प्रस्थान कर-वापसी स्टोर की शुरुआत पेइचिंग में की गई। अब विदेशी यात्री केवल जेडी डॉट कॉम (चीन की सबसे बड़ी ई-कॉमर्स कंपनियों में से एक ) के ऐप के माध्यम से “प्रस्थान-कर वापसी” चिह्नित वस्तुओं का चयन कर सकते हैं। ऑर्डर देते समय पासपोर्ट संख्या, चीन में प्रवेश की तिथि तथा अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करने पर प्रणाली स्वतः ही उनके लिए इलेक्ट्रॉनिक कर-वापसी आवेदन पत्र तैयार कर देती है।

इस ऑनलाइन प्रस्थान कर-वापसी स्टोर को पेइचिंग नगर कर विभाग, वाणिज्य विभाग और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से जेडी समूह ने विकसित कर पूरी तरह तैयार किया। इसे प्रस्थान कर-वापसी नीति के क्रियान्वयन तथा ऑनलाइन खरीदारी पर कर-वापसी प्रक्रिया में मौजूद बाधाओं को दूर करने की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम माना जा रहा है। इसके अलावा, इस नई व्यवस्था ने कर-वापसी योग्य खरीदारी पर स्थान, समय और खरीदारी के माध्यम से जुड़ी विभन्न सीमाओं को काफी हद तक समाप्त कर दिया है, जिससे अब विदेशी यात्री चीन में कहीं से भी अपने मोबाइल फ़ोन के माध्यम से कर-वापसी योग्य वस्तुओं की खरीदारी कर सकते हैं। साथ ही, कर-वापसी से संबंधित दस्तावेज़ों के स्वतः ऑनलाइन तैयार होने से प्रक्रिया सरल हुई है और खरीदारी का अनुभव भी अधिक सुविधाजनक बना है।