जनवरी–अप्रैल में चीन में सॉफ़्टवेयर व्यवसाय की आमदनी 10% से अधिक बढ़ी

चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, इस साल के जनवरी–अप्रैल में चीन के सॉफ़्टवेयर और सूचना प्रौद्योगिकी सेवा उद्योग में स्थिर संचालन देखने को मिला। इस अवधि में, सॉफ़्टवेयर व्यवसाय की आमदनी में निरंतर बढ़ोतरी देखने को मिली और लाभ वृद्धि की दर मंद रही, जबकि निर्यात ने सकारात्मक वृद्धि बनाए रखी। आंकड़ों के मुताबिक, इस अवधि में सॉफ़्टवेयर व्यवसाय की आमदनी 4,66,860 करोड़ युआन रही, जो सालाना आधार पर 10.9 प्रतिशत अधिक है; कुल लाभ 53,040 करोड़ युआन रहा, जो 2.2% की वृद्धि दर्शाता है; और सॉफ़्टवेयर व्यवसाय का निर्यात 2,065 करोड़ अमेरिकी डॉलर पर पहुंचा, जो 13.0% की बढ़त दर्शाती है।

सॉफ़्टवेयर उत्पादों की आमदनी में भी स्थिर वृद्धि देखी गई। जनवरी–अप्रैल में सॉफ़्टवेयर उत्पादों की आमदनी 1,04,640 करोड़ युआन रही, जो सालाना आधार पर 8.0% अधिक है और पूरे उद्योग की आमदनी में 22.4% की हिस्सेदारी रखती है। इसके अंतर्गत, बेसिक सॉफ़्टवेयर उत्पादों की आमदनी 5,980 करोड़ युआन रही (9.1% की वृद्धि), जबकि औद्योगिक सॉफ़्टवेयर उत्पादों की आमदनी 9,980 करोड़ युआन (9.1% की वृद्धि) रही।

वही सूचना प्रौद्योगिकी सेवा क्षेत्र की आमदनी के आंकड़ों पर नजर डालें तो, इसमें भी दो अंकों की वृद्धि देखने को मिली। जनवरी–अप्रैल में सूचना प्रौद्योगिकी सेवाओं की आमदनी 3,13,320 करोड़ युआन रही, जो सालाना आधार पर 12.0% अधिक है और पूरे उद्योग की आमदनी में इसका 67.1% का योगदान है। इसमें क्लाउड कम्प्यूटिंग और बड़े डेटा सेवाओं से 53,440 करोड़ युआन की आमदनी हुई, जो 12.6% की बढ़त है और सूचना प्रौद्योगिकी सेवा आमदनी का 17.1% हिस्सा बनाती है। इसके अलावा, इंटीग्रेटेड सर्किट डिज़ाइन की आमदनी 14,280 करोड़ युआन रही, जो 18.3% अधिक है।