सीमा मामले पर चीन-भारत सलाह-मशविरे और समन्वय कार्य तंत्र की 35वीं बैठक आयोजित

चीनी विदेश मंत्रालय के सीमा और समुद्र मामले विभाग की महानिदेशक हो येनछी और भारतीय विदेश मंत्रालय के पूर्वी एशिया विभाग के संयुक्त सचिव सुजीत घोष ने 27 मई को पेइचिंग में सीमा मामले पर चीन-भारत सलाह और समन्वय कार्य तंत्र की 35वीं बैठक की सह अध्यक्षता की। दोनों देशों के कूटनीति, रक्षा, आंतरिक मामले, आव्रजन आदि विभागों के प्रतिनिधियों ने इस बैठक में भाग लिया।
दोनों पक्षों ने व्यावहारिक और मैत्रीपूर्ण माहौल में रचनात्मक वार्ता की और माना कि चीन-भारत सीमा क्षेत्र में शांति बनी हुई है। दोनों पक्षों ने सीमा के रेखांकन, सीमा प्रबंधन, तंत्र निर्माण, सीमा पार आदान-प्रदान आदि विषयों पर विचार किया। दोनों पक्ष सहमत हुए कि वे कूटनीतिक और सैनिक माध्यमों से संपर्क बनाए रखकर चीन-भारत सीमांत क्षेत्र की स्थिरता बनाए रखेंगे और सीमा सवाल पर चीन और भारत के विशेष प्रतिनिधियों की 25वीं भेंटवार्ता के लिए सक्रियता से तैयारी करेंगे।