जर्मन मंत्री ने की चीन के आर्थिक विकास की सराहना

(CRI)11:02:27 2026-05-28

चीन की यात्रा पर आई जर्मनी की संघीय अर्थव्यवस्था एवं ऊर्जा मंत्री कैथरीना रीचे ने बुधवार को आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में चीन के आर्थिक विकास की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि चीन ने आर्थिक विकास के क्षेत्र में अत्यंत प्रभावशाली उपलब्धियां हासिल की हैं और जर्मनी-चीन आर्थिक संबंध वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।

कैथरीना रीचे ने कहा कि जर्मनी, दोनों देशों के उद्यमों के बीच समानता, पारस्परिक लाभ और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के आधार पर साझा विकास का समर्थन करता है।

उन्होंने कहा कि पेइचिंग आकर उन्हें बेहद प्रसन्नता हो रही है। पिछले कुछ दशकों में चीन ने तेज़ और प्रभावशाली विकास किया है तथा वह धीरे-धीरे विश्व स्तरीय औद्योगिक, प्रौद्योगिकी और नवाचार केंद्र के रूप में उभरा है।

कैथरीना रीचे के अनुसार, चीन का औद्योगिक उन्नयन और तकनीकी प्रगति की गति प्रशंसनीय है। उन्होंने कहा कि चीन वैश्विक अर्थव्यवस्था का एक महत्वपूर्ण विकास इंजन बन चुका है और रोबोटिक्स, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, नवीकरणीय ऊर्जा तथा बैटरी जैसे भविष्य के कई क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

उन्होंने बताया कि जर्मनी और चीन के बीच वार्षिक द्विपक्षीय व्यापार का आकार ढाई खरब यूरो से अधिक है और लगभग 5 हज़ार जर्मन कंपनियों ने चीन में निवेश किया है। उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि आधुनिक अर्थव्यवस्थाओं के बीच संबंधों में सहयोग और प्रतिस्पर्धा दोनों महत्वपूर्ण होते हैं। उनके अनुसार, प्रतिस्पर्धा क्षमता को मजबूत करती है, जबकि सहयोग स्थिरता और दीर्घकालिक विकास को बढ़ावा देता है।