चीनी और सर्बियाई राष्ट्रपतियों ने पेइचिंग में वार्ता की

(CRI)14:41:31 2026-05-26

चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग और सर्बियाई राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वुसिक ने सोमवार को चीन की राजधानी पेइचिंग में वार्ता की, जिसमें दोनों देशों के बीच अटूट मित्रता की सराहना की गई और परिवहन, उभरते क्षेत्रों से लेकर लोगों-से-लोगों के बीच आदान-प्रदान तक विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने का संकल्प लिया गया।

इस दौरान, शी चिनफिंग ने कहा कि वर्ष 2024 में सर्बिया की उनकी राजकीय यात्रा के बाद से दोनों पक्षों ने नए युग में साझा भविष्य वाले चीन-सर्बिया समुदाय के निर्माण में एक नया अध्याय शुरू किया है, जिससे दोनों देशों के लोगों को लाभ हुआ है और राष्ट्र-राष्ट्र संबंधों का एक आदर्श स्थापित हुआ है।

शी चिनफिंग ने इस बात पर जोर दिया कि चीन और सर्बिया के बीच अटूट मित्रता अद्वितीय है, जो गहन ऐतिहासिक तर्क और मजबूत व्यावहारिक आधार पर टिकी है। उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों को आदान-प्रदान को मजबूत करते हुए आपसी विश्वास को सुदृढ़ करना चाहिए, सहयोग को गहरा करते हुए एक-दूसरे का समर्थन करना चाहिए, एक-साथ मिलकर साझा भविष्य और सामान्य समृद्धि का एक उज्ज्वल मार्ग प्रशस्त करना चाहिए, ताकि चीन-सर्बिया व्यापक रणनीतिक साझेदारी को एक नए स्तर पर ले जाया जा सके।

इसके अलावा, शी चिनफिंग ने चीन द्वारा सर्बिया को उसकी राष्ट्रीय परिस्थितियों के अनुकूल विकास पथ पर चलने में समर्थन देने और सर्बिया के साथ शासन में अनुभव के आदान-प्रदान को मजबूत करने पर प्रकाश डाला और कहा कि तकनीकी क्रांति और औद्योगिक परिवर्तन की नई लहर का सामना करते हुए, दोनों पक्षों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल अर्थव्यवस्था, हरित ऊर्जा और उन्नत विनिर्माण जैसे उभरते क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाना चाहिए, ताकि विकास के नए क्षेत्रों का पता लगाया जा सके।

वार्ता में वुसिक ने कहा कि सर्बिया और चीन के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी की स्थापना के बाद से, द्विपक्षीय संबंधों में महत्वपूर्ण प्रगति हुई है और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग लगातार गहराता जा रहा है। सर्बिया और चीन के लोग अटूट मित्रता साझा करते हैं। सर्बियाई लोग अपनी स्वतंत्रता और संप्रभुता की रक्षा करने और अपने विकास पथ को स्वतंत्र रूप से आगे बढ़ाने के प्रयासों में चीन के समर्थन को कभी नहीं भूलेंगे और सर्बिया के राष्ट्रीय विकास में चीनी उद्यमों की भागीदारी और उनके द्वारा किए गए महत्वपूर्ण योगदान के लिए आभारी हैं।

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि सर्बिया चीन के साथ संबंध विकसित करने को अत्यधिक महत्व देता है और चीन के मूल हितों का दृढ़तापूर्वक समर्थन करता है। सर्बिया, "बेल्ट एंड रोड" पहल के संयुक्त निर्माण में उच्च स्तरीय सहयोग को गहरा करने, प्रमुख परियोजनाओं के निर्माण को गति देने, लोगों-से-लोगों के बीच आदान-प्रदान को मजबूत करने और द्विपक्षीय संबंधों में अधिक ठोस परिणाम प्राप्त करने के लिए चीन के साथ मिलकर काम करने के लिए तत्पर है।

वुसिक ने यह भी कहा कि एक प्रमुख शक्ति के रूप में, चीन ने हमेशा छोटे देशों के साथ समानता और सम्मान का व्यवहार किया है और अंतरराष्ट्रीय कानून का पालन करते हुए विश्व के लिए एक उदाहरण प्रस्तुत किया है। सर्बिया राष्ट्रपति शी चिनफिंग द्वारा प्रस्तावित चार वैश्विक पहलों का समर्थन करता है और अंतरराष्ट्रीय शांति, निष्पक्षता और न्याय की रक्षा के लिए चीन के साथ बहुपक्षीय सहयोग को मजबूत करना जारी रखने को तैयार है।

वार्ता के बाद, दोनों राष्ट्राध्यक्षों ने राजनीति, अर्थव्यवस्था और व्यापार, विज्ञान और प्रौद्योगिकी, शिक्षा, कानूनी मामलों और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में 20 से अधिक सहयोग दस्तावेजों पर हस्ताक्षर होते हुए संयुक्त रूप से देखा।

दोनों पक्षों ने "नए युग में साझा भविष्य वाले चीन-सर्बिया समुदाय के निर्माण को निरंतर बढ़ावा देने पर संयुक्त बयान" और "वैश्विक विकास पहल, वैश्विक सुरक्षा पहल, वैश्विक सभ्यता पहल और वैश्विक शासन पहल के कार्यान्वयन को संयुक्त रूप से बढ़ावा देने पर संयुक्त बयान" भी जारी किया।

वार्ता से पहले, शी चिनफिंग और उनकी पत्नी फंग लीयुआन ने जन बृहद भवन में वुसिक और उनकी पत्नी तमारा वुसिक के लिए एक स्वागत समारोह आयोजित किया। शी और फंग ने शाम को उनके लिए एक स्वागत भोज का भी आयोजन किया।

बता दें कि वुसिक 24 से 28 मई तक अपनी पहली राजकीय यात्रा पर चीन में हैं। इससे पहले वे अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रमों के लिए कई बार चीन की यात्रा कर चुके हैं। उल्लेखनीय रूप से, वुसिक पिछले सितंबर में चीनी जनता के जापानी आक्रमण विरोधी युद्ध और विश्व फासीवाद-विरोधी युद्ध में विजय की 80वीं वर्षगांठ के समारोह के लिए चीन में थे।