चीन को स्वदेशी रूप से विकसित रेसिंग ईंधन क्षेत्र में मिली बड़ी कामयाबी
चीन पेट्रोकेमिकल निगम (Sinopec) द्वारा स्वदेशी विकसित 103-ऑक्टेन रेसिंग ईंधन को 16 मई को आधिकारिक रूप से जारी किया गया। इस ईंधन का अनुसंधान ऑक्टेन मान (RON) 103 से अधिक है और इसे चीन अंतरराष्ट्रीय टकलामकान रैली प्रतियोगिता के आधिकारिक ईंधन के रूप में चुना गया है। बता दे कि यह पहली बार है जब चीन ने स्वदेशी स्तर पर रेसिंग ईंधन के विकास में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। इससे चीन में शीर्ष-स्तरीय मोटर रेसिंग ईंधन के लिए आयात पर लंबे समय से बनी निर्भरता समाप्त हुई है तथा घरेलू उच्च-प्रदर्शन रेसिंग ईंधन के क्षेत्र में मौजूद कमी भी पूरी की गयी है। इसे चीन की रिफाइनिंग तकनीक के विश्वस्तरीय स्तर तक पहुंचने का महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
चीन पेट्रोकेमिकल निगम की चनहाई रिफाइनरी ने उच्च गुणवत्ता वाले पेट्रोल और सामान्य विमानन ईंधन के उत्पादन अनुभव के आधार पर उत्पाद मानकों की रूपरेखा, उत्पादन प्रक्रिया, मिश्रण तकनीक और गुणवत्ता परीक्षण जैसे विभिन्न चरणों पर काम करते हुए 103-ऑक्टेन रेसिंग ईंधन विकसित किया। इस उपलब्धि के साथ कंपनी ने प्रतियोगिता की आवश्यकताओं के अनुरूप ईंधन की समय पर आपूर्ति तथा पूरे आयोजन के दौरान उसकी स्थिर उपलब्धता सुनिश्चित की है।