कृत्रिम कोशिकाओं के असममित विभाजन में चीनी वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धि
13 मई को मिली जानकारी के अनुसार, चीन विज्ञान अकादमी के रसायन विज्ञान शोध संस्थान के नेतृत्व वाले शोध दल ने जैव-रासायनिक अणुओं की मदद से कृत्रिम कोशिकाओं के भीतर चयनात्मक पृथक्करण प्रक्रिया को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। इसके माध्यम से पहली बार कृत्रिम कोशिकाओं के आकार और कार्यात्मक क्षमता का असममित विभाजन संभव हुआ है। यह उपलब्धि मूलभूत जीवन-विशेषताओं से युक्त कृत्रिम कोशिका प्रणाली के निर्माण में एक नई दिशा प्रदान करती है।
चीन विज्ञान अकादमी के रसायन विज्ञान शोध संस्थान के निदेशक एवं शोधकर्ता वांग शु ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में कृत्रिम कोशिकाएं अभी प्राकृतिक कोशिकाओं की तरह लगातार विभाजन और स्थिर पीढ़ीगत संवर्धन करने में सक्षम नहीं हैं। उन्होंने कहा कि अगले चरण में शोध दल द्वारा कृत्रिम कोशिकाओं को प्राकृतिक कोशिकाओं जैसी बहु-पीढ़ी वृद्धि क्षमता प्रदान करने पर आगे अध्ययन किया जायेगा। साथ ही, दल द्वारा जीन अभिव्यक्ति, चयापचय प्रतिक्रियाओं जैसे कार्यात्मक मॉड्यूलों के साथ जोड़ने की भी योजना बनाई गयी है। भविष्य में इसके जैव-निर्माण, जैव-चिकित्सा तथा अन्य क्षेत्रों में उपयोग की संभावनाएं जताई जा रही हैं।