एपेक मंच पर ऑटो उद्योग के नए विकास मॉडल को बढ़ावा देगा चीन
मंगलवार को, एशिया-प्रशांत महासागरीय आर्थिक सहयोग (एपेक) का 43वां ऑटोमोटिव डायलॉग सम्मेलन शांगहाई में आयोजित किया गया, इस दौरान चीन के उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के एक अधिकारी ने कहा कि चीन एपेक ढांचे के तहत सभी सदस्य अर्थव्यवस्थाओं के साथ मिलकर एक सतत, न्यायसंगत और सहयोगात्मक ऑटो उद्योग पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण को आगे बढ़ाएगा।
अधिकारी के अनुसार, चीन वैश्विक ऑटो उद्योग में हो रहे बदलावों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। प्रमुख प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। अर्ध-ठोस अवस्था यानी सेमी-सॉलिड-स्टेट बैटरियों का उपयोग अब वाहनों में शुरू हो चुका है। वहीं, केवल 15 मिनट में 80 प्रतिशत तक चार्ज करने वाली फास्ट चार्जिंग तकनीक का भी व्यावसायीकरण किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि अब तक 57 हजार किलोमीटर से अधिक सड़कों को ऐसे नेटवर्क से जोड़ा गया है, जहां स्वचालित ड्राइविंग और विद्युतीकरण तकनीकों का परीक्षण और प्रदर्शन किया जा रहा है।
नीतिगत स्तर पर चीन ने संजोड़ी और बुद्धिमान नई ऊर्जा वाहनों के लिए 237 राष्ट्रीय और औद्योगिक मानक जारी किए हैं, जबकि 103 नए मानकों पर काम जारी है। इसके अलावा, चीन इलेक्ट्रिक वाहन सुरक्षा और स्वचालित ड्राइविंग प्रणाली से जुड़े 60 से अधिक अंतर्राष्ट्रीय मानक नियमों के निर्माण में भी अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
अधिकारी ने कहा कि चीन वैश्विक सहयोग को और मजबूत करेगा, खुले विकास की नीति जारी रखेगा और बाजार-उन्मुख, कानून-आधारित तथा अंतर्राष्ट्रीय स्तर का कारोबारी माहौल तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि चीन विदेशी और घरेलू कंपनियों के बीच प्रौद्योगिकी, मानकों, निवेश और व्यापार के क्षेत्रों में व्यावहारिक सहयोग का समर्थन करता है।
उन्होंने यह भी कहा कि चीन एपेक जैसे मंचों के माध्यम से तकनीकी आदान-प्रदान, प्रतिभा सहयोग और नवाचारों के वैश्विक साझा उपयोग को बढ़ावा देता रहेगा।