बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में चीनी कंपनियों की भागीदारी पर रोक लगाने के लिए कानून में संशोधन करने की कोशिश पर चीनी विदेश मंत्रालय की प्रतिक्रिया
यूरोपीय संघ द्वारा महत्वपूर्ण यूरोपीय बुनियादी संस्थापनों के निर्माण में चीनी कंपनियों की भागीदारी पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्तावित संशोधनों के सम्बंध में चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने 8 मई को आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में सम्बंधित सवाल का जवाब दिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यूरोपीय संघ चीन-यूरोपीय संघ के आर्थिक और व्यापारिक सम्बंधों को व्यापक, निष्पक्ष और सकारात्मक रूप से देखेगा और अपनी आत्मघाती नीतियों को बंद करेगा।
रिपोर्ट के अनुसार, चीन में यूरोपीय संघ के वाणिज्य चैंबर और केपीएमजी ने संयुक्त रूप से एक रिपोर्ट जारी की है जिसमें कहा गया है कि यूरोपीय संघ एक साइबर सुरक्षा कानून को लागू करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है जो चीनी कंपनियों को यूरोप में महत्वपूर्ण बुनियादी संस्थापनों के निर्माण में भाग लेने से प्रतिबंधित करेगा। इस विधेयक में अगले पांच वर्षों में बड़ी मात्रा में चीनी हार्डवेयर को हटाने और बदलने की भी आवश्यकता है, जिसकी कुल लागत 3 ख़रब 67 अरब 80 करोड़ यूरो से अधिक है।
इस पर चीनी प्रवक्ता ने कहा कि हाल ही में, सम्बंधित चीनी अधिकारियों ने यूरोपीय संघ के साइबर सुरक्षा अधिनियम में प्रस्तावित संशोधनों के सम्बंध में यूरोपीय संघ को अपने आकलन सम्बंधी विचार प्रस्तुत किए, जिसमें चीन की गंभीर चिंताओं और औपचारिक स्थिति को व्यक्त किया गया और आशा व्यक्त की गई कि यूरोपीय संघ उन्हें गंभीरता से लेगा। उन्होंने कहा कि चीन यूरोपीय संघ में सम्बंधित विधायी घटनाक्रमों पर बारीकी से नज़र रख रहा है और इस मामले पर यूरोपीय संघ के साथ संवाद और संचार करने को तैयार है। यदि यूरोपीय संघ इस कानून को लागू करने पर जोर देता है और चीनी कंपनियों के साथ भेदभाव करता है, तो चीन अपनी कंपनियों के वैध अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए दृढ़ कदम उठाएगा।