चीन ने क्लोन याक के प्राकृतिक प्रसव में हासिल की बड़ी सफलता

शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश की राजधानी ल्हासा शहर के दमशुंग काउंटी में आयोजित एक प्रेस वार्ता में जानकारी दी गई कि 25 मार्च से 5 अप्रैल के बीच शीत्सांग (दमशुंग) स्वर्ण-रोम जंगली याक प्रजनन एवं अनुसंधान केंद्र में क्लोन याक की दूसरी खेप पहुँची। इस दौरान 10 देह-कोशिका क्लोन याकों में सफलतापूर्वक सामूहिक गर्भधारण हुआ और सभी का प्राकृतिक प्रसव संपन्न हुआ, जिनमें 3 काले और 7 सफेद याक शामिल हैं। जन्मे सभी बछड़ों के शारीरिक मानक अपेक्षित स्तर तक पहुँचे हैं और उनका वजन स्थिर रूप से बढ़ रहा है।

इससे पहले, 10 जुलाई 2025 को चीन के वैज्ञानिकों द्वारा क्लोन किया गया पहला याक दमशुंग काउंटी में सफलतापूर्वक जन्मा था, जिसका वर्तमान वजन 366.5 जिन (लगभग 183 किलोग्राम) तक पहुँच चुका है। चेचीयांग विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय संकटग्रस्त वन्य जीव एवं वनस्पति जीन संरक्षण केंद्र के निदेशक फांग शेंगगुओ ने बताया कि, “क्लोन याकों की दूसरी खेप का पूर्णतः प्राकृतिक प्रसव तथा तिब्बती याक के पूर्ण जीनोम चयन और देह-कोशिका क्लोनिंग आधारित समन्वित प्रजनन तकनीक की उपलब्धि यह दर्शाती है कि यह तकनीक अब ‘एकल सफलता’ से आगे बढ़कर ‘बड़े पैमाने पर स्थिर अनुप्रयोग’ के चरण में प्रवेश कर चुकी है।”