चीन में नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता 2.4 अरब किलोवाट के पार

27 अप्रैल को चीन के राष्ट्रीय ऊर्जा प्रशासन द्वारा आयोजित एक प्रेस वार्ता में, राष्ट्रीय ऊर्जा प्रशासन के नवीन ऊर्जा विभाग की उपनिदेशक पान हुईमिन ने पहली तिमाही में नवीकरणीय ऊर्जा के ग्रिड से जुड़े विकास की स्थिति की जानकारी साझा करते हुए बताया कि चीन की नवीकरणीय ऊर्जा की स्थापित क्षमता में लगातार वृधि देखी जा रही है और यह ऊर्जा संरचना के अनुकूलन को निरंतर गति प्रदान कर रही है। आंकड़ो के अनुसार, चीन में नवीकरणीय ऊर्जा की कुल स्थापित क्षमता लगभग 2.4 अरब किलोवाट तक पहुँच गई है, जो कुल विद्युत क्षमता का 60 प्रतिशत से अधिक है। वहीं पवन और सौर ऊर्जा की संयुक्त स्थापित क्षमता लगभग 1.9 अरब किलोवाट है, जो कुल क्षमता का लगभग आधा हिस्सा बनती है।

इस वर्ष की पहली तिमाही में देशभर में नवीकरणीय ऊर्जा की नई स्थापित क्षमता 5.893 करोड़ किलोवाट रही, जो कुल नई स्थापित क्षमता का 70 प्रतिशत है। इसमें जलविद्युत 14.2 लाख किलोवाट, पवन ऊर्जा 1.577 करोड़ किलोवाट, सौर ऊर्जा 4.119 करोड़ किलोवाट, बायोमास ऊर्जा 3.5 लाख किलोवाट तथा सौर तापीय ऊर्जा 2 लाख किलोवाट शामिल हैं।

मार्च 2026 के अंत तक देश में नवीकरणीय ऊर्जा की कुल स्थापित क्षमता 2.395 अरब किलोवाट तक पहुँच गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 22 प्रतिशत अधिक है और कुल विद्युत क्षमता का लगभग 60.4 प्रतिशत है। इसमें जलविद्युत 45 करोड़ किलोवाट, पवन ऊर्जा 65.5 करोड़ किलोवाट, सौर ऊर्जा 1.241 अरब किलोवाट, बायोमास ऊर्जा 4.8 करोड़ किलोवाट तथा सौर तापीय ऊर्जा 20.2 लाख किलोवाट शामिल हैं। वहीं, पवन और सौर ऊर्जा की संयुक्त स्थापित क्षमता 1.898 अरब किलोवाट तक पहुँच गई है, जो देश की कुल विद्युत क्षमता का 47.9 प्रतिशत हिस्सा बनती है।