चीन में परिवहन क्षेत्र की तेज़ रफ़्तार, पहली तिमाही में यात्री और माल ढुलाई दोनों में वृद्धि
चीन के परिवहन मंत्रालय द्वारा जारी ताज़ा आँकड़ों के अनुसार, वर्ष की पहली तिमाही में देश में अंतर-क्षेत्रीय यात्रियों की कुल संख्या 17.77 अरब रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 2.2 प्रतिशत अधिक है। इस दौरान सड़क मार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या 16.38 अरब दर्ज की गई, जिसमें सालाना आधार पर 1.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई। वहीं, जलमार्ग से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या 5 करोड़ 85 लाख 60 हज़ार रही, जो वार्षिक आधार पर 6.8 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है।
माल ढुलाई के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। पहली तिमाही में चीन ने कुल 13.19 अरब टन वाणिज्यिक माल ढुलाई पूरी की, जो पिछले वर्ष की समान अवधि की तुलना में 4.1 प्रतिशत अधिक है। इसमें सड़क मार्ग से माल ढुलाई 9.88 अरब टन रही, जिसमें 4 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि जलमार्ग से माल ढुलाई 2.03 अरब टन रही, जो 5.7 प्रतिशत की वृद्धि को दर्शाती है।
बंदरगाहों के माध्यम से माल यातायात के आँकड़े भी सकारात्मक रुझान दिखाते हैं। पहली तिमाही में चीन के बंदरगाहों पर कुल माल यातायात 4.39 अरब टन रहा, जो सालाना आधार पर 4 प्रतिशत बढ़ा है। इसमें घरेलू व्यापार से संबंधित यातायात में 2.4 प्रतिशत और विदेशी व्यापार से जुड़े यातायात में 7.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। कंटेनर यातायात की बात करें तो यह 89.64 लाख टीईयू तक पहुँच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में 8 प्रतिशत अधिक है।
इसके साथ ही, यातायात क्षेत्र में निश्चित संपत्ति निवेश का स्तर भी उच्च बना हुआ है। पहली तिमाही में चीन ने इस क्षेत्र में कुल 6 खरब 51 अरब 90 करोड़ युआन का निवेश किया। इसमें सड़क परिवहन में 4 खरब 43 अरब 70 करोड़ युआन और जल परिवहन में 49 अरब 30 करोड़ युआन का निवेश शामिल है।