चीनी और ईरानी विदेश मंत्रियों के बीच फोन वार्ता
चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने बुधवार को ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ फोन पर बातचीत की। इस दौरान अराघची ने ईरान-अमेरिका वार्ता की ताज़ा स्थिति और ईरान के अगले कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ईरान शांतिपूर्ण वार्ता के जरिए तर्कसंगत और व्यावहारिक समाधान चाहता है। साथ ही, उन्होंने स्थिति को शांत करने के लिए चीन की भूमिका की सराहना की और उससे आगे भी सक्रिय योगदान की उम्मीद जताई।
वांग यी ने कहा कि चीन हमेशा ईरान की संप्रभुता, सुरक्षा और राष्ट्रीय गरिमा के सम्मान का समर्थन करता है। उन्होंने बताया कि चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग ने मध्य पूर्व में शांति के लिए चार-सूत्रीय प्रस्ताव रखा है। मौजूदा हालात को उन्होंने युद्ध और शांति के बीच एक अहम मोड़ बताया और कहा कि अभी भी शांति की संभावना मौजूद है। चीन युद्धविराम और संवाद को आगे बढ़ाने का समर्थन करता है, जो ईरान के लोगों के हितों और क्षेत्रीय देशों की साझा अपेक्षाओं के अनुरूप है।
उन्होंने आगे कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य के तटीय देशों को ईरान की संप्रभुता और वैध हितों का सम्मान करना चाहिए। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर नौवहन की स्वतंत्रता और सुरक्षा सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
वांग यी ने दोहराया कि चीन, राष्ट्रपति शी के प्रस्ताव की भावना के अनुरूप, तनाव कम करने, क्षेत्रीय संबंधों को बेहतर बनाने और मध्य पूर्व में स्थायी शांति स्थापित करने के लिए रचनात्मक भूमिका निभाता रहेगा।