पर्वत-सागर लांघती, चीन–वियतनाम रेलवे बनी मित्रता व सहयोग का सेतु

चित्र शिन्हुआ समाचार एचेंसी से है।
सायंकाल, चीन के कुआंगशी प्रान्त के नाननिंग रेलवे स्टेशन से ट्रेन संख्या T8701 अपने निर्धारित समय पर वियतनाम की राजधानी हनोई के लिए रवाना होती है। वहीं रात में हनोई के जियालिन स्टेशन से समांतर चलने वाली T8702 ट्रेन चीन की ओर प्रस्थान करती है। इस प्रकार, चीन–वियतनाम अंतरराष्ट्रीय रेलमार्ग पर प्रतिदिन “दोतरफा” रेल सेवा निर्बाध रूप से जारी रहती है।
इस अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा में यात्रियों को अनेक सुविधाएँ प्रदान की जाती हैं। प्रवेश करते ही स्वच्छ व सुव्यवस्थित डिब्बों में सफेद बिस्तरयुक्त स्लीपर कोच यात्रियों को आरामदायक अनुभव देते हैं। इसके अलावा, कोच के भीतर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया है, रेल परिचारक चीनी, वियतनामी और अंग्रेज़ी—तीनों भाषाओं में घोषणाएँ करते हैं तथा यात्रियों को आव्रजन संबंधी आवश्यक जानकारी देकर यात्रा को और सुरक्षित व सहज बनाते हैं।
25 मई 2025 को पाँच वर्ष के अंतराल के बाद, चीन–वियतनाम अंतरराष्ट्रीय यात्री रेल सेवा पुनः प्रारंभ की गई। वर्तमान में नाननिंग से हनोई (जियालिन) के बीच प्रतिदिन रेल सेवा का संचालन किया जा रहा है, समय सारणी की बात करे तो, यह ट्रेन रोज शाम 18:05 बजे नाननिंग से चलकर अगले दिन प्रातः 6:30 बजे हनोई पहुँचती है, जबकि वापसी सेवा रात 22:20 (स्थानीय समय) बजे हनोई से प्रस्थान होकर अगले दिन सुबह 10:06 बजे नाननिंग पहुँचती है। “शाम प्रस्थान–सुबह आगमन” की यह व्यवस्था यात्रियों के अतिरिक्त “आवास व्यय” को कम करने के साथ-साथ सीमा-पार यात्रा को अधिक सुविधाजनक और कुशल बनाती है। इसके अतिरिक्त, चीन की राजधानी पेइचिंग के पेइचिंग (पश्चिम) रेलवे स्टेशन से हनोई (जियालिन) तक साप्ताहिक रेल सेवा भी संचालित की जा रही है, जिससे द्विपक्षीय यात्री परिवहन का दायरा और विस्तृत हुआ है।
हाल के कुछ वर्षो में, उच्च-गति रेल नेटवर्क के चीन–वियतनाम सीमा तक के विस्तार ने दोनों देशों के बीच जन-सांस्कृतिक आदान-प्रदान को नई गति दी है। वर्ष 2023 में चीन की पहली सीमा-संपर्कित उच्च गति रेल परियोजना फांगचेंगगांग–तोंगशिंग रेलवे का संचालन आरंभ हुआ, जिससे सीमावर्ती शहर तोंगशिंग पहली बार तेज गति रेल नेटवर्क से जुड़ा। इसके ठीक बाद, वर्ष 2025 में नाननिंग–पिंगशियांग उच्च-गति रेल के पूर्ण संचालन से पिंगशियांग शहर को भी नाननिंग के माध्यम से चीन के व्यापक उच्च गति रेल नेटवर्क से जोड़ा गया, जिससे दोनों देशों के बीच आवागमन और अधिक सुलभ व सुविधाजनक हुआ।
परिवहन अवसंरचना के इस विस्तार के साथ चीन और वियतनाम के बीच रेलवे सहयोग को भी लगातार सुदृढ़ किया जा रहा है। दिसंबर 2025 में चीन के युन्नान प्रांत को वियतनाम के उत्तरी क्षेत्रों से जोड़ने वाली लाओकाई–हनोई–हाइफ़ोंग रेलवे के प्रथम चरण का निर्माण कार्य आरंभ हुआ। इसके साथ ही डोंगडांग–हनोई तथा मोंगकाई–हालोंग–हाइफ़ोंग रेल परियोजनाओं पर भी दोनों देशों के सहयोगात्मक ढाँचे के अंतर्गत योजनागत कार्य निरंतर प्रगति पर है।