चीन और पाकिस्तान के विदेश मंत्रियों के बीच फोन वार्ता

(CRI)13:47:27 2026-04-14

13 अप्रैल को चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मुहम्मद इशाक डार से फोन पर बातचीत की।

इस दौरान इशाक डार ने ईरान और संयुक्त राज्य अमेरिका के बीच चल रही वार्ता में पाकिस्तान की मध्यस्थता के प्रयासों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने शांति को बढ़ावा देने में चीन की भूमिका के लिए आभार जताया और कहा कि पाकिस्तान, क्षेत्रीय शांति के लिए चीन के साथ घनिष्ठ संपर्क और सहयोग बनाए रखने को तैयार है।

बातचीत के दौरान वांग यी ने चीन के सैद्धांतिक रुख को दोहराया। उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच अस्थायी युद्धविराम कराने और इस्लामाबाद में वार्ता की मेजबानी के लिए पाकिस्तान की सराहना की और कहा कि पाकिस्तान ने निष्पक्ष और संतुलित मध्यस्थ की भूमिका निभाई है।

वांग यी ने यह भी कहा कि मौजूदा युद्धविराम बेहद नाज़ुक है और क्षेत्रीय स्थिति एक अहम मोड़ पर खड़ी है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि नए सिरे से संघर्ष को रोकना और मुश्किल से हासिल हुए युद्धविराम को बनाए रखना बेहद जरूरी है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय को शांति वार्ता को आगे बढ़ाने के प्रयास तेज करने चाहिए और किसी भी ऐसी कार्रवाई का स्पष्ट विरोध करना चाहिए, जो तनाव बढ़ाए या युद्धविराम को नुकसान पहुंचाए।

उन्होंने आगे कहा कि खाड़ी क्षेत्र और मध्य पूर्व में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए चीन और पाकिस्तान की पांच सूत्री पहल, अंतरराष्ट्रीय सहमति को दर्शाती है और समाधान के लिए एक ठोस दिशा प्रदान करती है। चीन ने पाकिस्तान की भूमिका का स्वागत किया और कहा कि वह पाकिस्तान सहित अंतरराष्ट्रीय समुदाय के साथ मिलकर मध्य पूर्व में जल्द शांति बहाल करने के लिए काम करता रहेगा।