चीन-लाओस रेल सेवा से 8 लाख से अधिक सीमा-पार यात्रियों का आवागमन


चित्र शिन्हुआ समाचार एचेंसी से है।

चीन स्टेट रेलवे ग्रुप कंपनी लिमिटेड से मिली ख़बर के अनुसार, 12 अप्रैल तक बीते तीन सालों में चीन-लाओस अंतरराष्ट्रीय यात्री ट्रेनों का कुल परिचालन 3,190 से अधिक बार दर्ज किया गया। इस अवधि में 120 से अधिक देशों और क्षेत्रों से आए 8 लाख से अधिक सीमा-पार यात्रियों को सेवाएं प्रदान की गई हैं। गौरतलब है कि 13 अप्रैल 2023 को चीन-लाओस रेलवे की अंतरराष्ट्रीय यात्री सेवा औपचारिक रूप से शुरू की गई थी। बीते तीन वर्षों में इस सेवा का संचालन सुरक्षित, स्थिर और सुव्यवस्थित रहा है, जिसने दोनों देशों के बीच आवागमन, व्यापारिक सहयोग तथा सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रभावी रूप से बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वर्तमान में, चीन के युन्नान प्रान्त की राजधानी खुनमिंग और लाओस की राजधानी वियनतियान के बीच प्रतिदिन 4 अंतरराष्ट्रीय यात्री ट्रेनें संचालित की जा रही हैं। प्रत्येक ट्रेन में सीमा-पार यात्रियों के लिए सीटों की संख्या प्रारंभिक 250 से बढ़ाकर 420 कर दी गई है, साथ ही खुनमिंग से वियनतियान के बीच यात्रा समय घटाकर 9 घंटे 36 मिनट कर दिया गया है, जबकि मोहान रेलवे सीमा चौकी पर कस्टम प्रक्रिया का समय लगभग 50 मिनट तक सीमित कर दिया गया है। इस वर्ष की पहली तिमाही में अंतरराष्ट्रीय यात्री ट्रेनों द्वारा 1.12 लाख सीमा-पार यात्रियों को सेवाएं प्रदान की गईं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 32.4 प्रतिशत अधिक है। साथ ही, प्रतिदिन औसत यात्री संख्या में 2023 की तुलना में तीन गुना वृद्धि दर्ज की गई है। इसके अलावा, चीन और लाओस के रेलवे विभागों द्वारा स्टेशनों और ट्रेनों की सेवाओं को लगातार बेहतर बनाया जा रहा है और जनता की सुविधा हेतु कई अहम कदम उठाए जा रहे हैं। मार्ग के स्टेशनों और ट्रेनों में बहुभाषी अनुवाद उपकरण लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से चीनी, लाओस तथा अंग्रेज़ी में घोषणाएं और मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाता है। इसके अतिरिक्त, यात्रियों की सुविधा के लिए रक्तचाप मापने वाले उपकरण सहित अन्य सुविधाएं भी जोड़ी गई हैं।

गत तीन वर्षों में, 8 लाख से अधिक सीमा-पार यात्रियों द्वारा इन ट्रेनों का उपयोग किया गया है, जिससे इस मार्ग के अंतर्गत आने वाले पर्यटन स्थलों, होटलों और भोजन सेवाओं सहित विभिन्न उद्योगों में उपभोग वृद्धि 35 प्रतिशत से अधिक दर्ज की गई है और एक विशिष्ट सीमा-पार पर्यटन आर्थिक क्षेत्र के रूप में विकसित हुआ है। इसके अतिरिक्त, युन्नान प्रांत के शिशुआंगबन्ना दाई स्वायत्त प्रान्त के पर्यटन बाजार में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है, जहाँ वर्ष 2025 में 6.741 लाख विदेशी पर्यटकों का आगमन हुआ तथा पर्यटन विदेशी मुद्रा आय 44.1 करोड़ अमेरिकी डॉलर रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 110 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्शाती है। इसी अवधि में मोहन रेलवे सीमा चौकी पर 2025 में वीज़ा-मुक्त प्रवेश करने वाले विदेशी यात्रियों की संख्या में 48 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। दूसरी ओर, लाओस के वियनतियान, लुआंग प्रबांग और वांग वियेंग जैसे शहरों में भी पर्यटकों की संख्या में साल-दर-साल बढ़ोतरी देखी जा रही है।