ब्रिक्स के न्यू डेवलपमेंट बैंक ने दो-तरफा तंत्र के तहत 7 अरब युआन के पांडा बांड जारी किये

शांगहाई स्थित न्यू डेवलपमेंट बैंक के मुख्यालय (ब्रिक्स देशों द्वारा स्थापित एक बहुपक्षीय विकास बैंक) द्वारा 9 अप्रैल की रात घोषणा करते हुए बताया कि उसने चीन के अंतरबैंक बांड बाजार में 7 अरब युआन के पांडा बांड जारी किए जिनमें 6 अरब युआन के तीन-वर्षीय तथा 1 अरब युआन के पांच-वर्षीय बांड शामिल हैं।

इस निर्गम में अंतरराष्ट्रीय विकास संस्थानों द्वारा पहली बार चीन के अंतरबैंक बांड बाजार में “दो-तरफा आवंटन समायोजन तंत्र” अपनाते हुए पांडा बांड जारी किए गए। यह तंत्र बुक-बिल्डिंग प्रक्रिया के दौरान निर्गमकर्ता को अधिक लचीलापन प्रदान करता है, जिससे वह निवेशकों की सदस्यता की स्थिति के अनुसार विभिन्न अवधियों के बांडों के निर्गम आकार को गतिशील रूप से समायोजित कर, वित्तपोषण लागत का अनुकूलन कर सके।

बैंक की ओर से कहा गया है कि इस निर्गम से चीन के अंतरबैंक बांड बाजार में न्यू डेवलपमेंट बैंक की भागीदारी और सुदृढ़ हुई है। अब तक बैंक द्वारा चीन में जारी पांडा बांड की कुल राशि 87.5 अरब युआन तक पहुंच चुकी है।

उल्लेखनीय है कि न्यू डेवलपमेंट बैंक की स्थापना वर्ष 2015 में ब्राज़ील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका द्वारा संयुक्त रूप से की गई थी। इसका उद्देश्य ब्रिक्स देशों तथा अन्य उभरती अर्थव्यवस्थाओं और विकासशील देशों में अवसंरचना एवं सतत विकास परियोजनाओं को समर्थन देने के अलावा, मौजूदा बहुपक्षीय और क्षेत्रीय वित्तीय संस्थानों के पूरक के रूप में वैश्विक वृद्धि और विकास को बढ़ावा देना है।