चीन तनाव कम करने और शत्रुता समाप्त करने के प्रयास जारी रखेगा: चीनी विदेश मंत्रालय
9 अप्रैल को चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने एक नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की।
मध्य पूर्व की स्थिति के बारे में पूछे गए सवालों के जवाब में माओ निंग ने कहा कि चीन ने लगातार तत्काल युद्धविराम और राजनीतिक एवं कूटनीतिक माध्यमों से विवादों के समाधान की वकालत की है, ताकि अंततः मध्य पूर्व और खाड़ी क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता प्राप्त हो सके। आशा है कि सभी पक्ष संवाद और बातचीत के माध्यम से अपने मतभेदों का उचित समाधान निकालेंगे और चीन तनाव कम करने और शत्रुता समाप्त करने के अपने प्रयासों को जारी रखेगा।
एक पत्रकार ने पूछा: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा कि ईरान को सैन्य हथियार मुहैया कराने वाले किसी भी देश को अमेरिका को निर्यात किए जाने वाले सभी वस्तुओं पर तुरंत 50 प्रतिशत का शुल्क देना होगा। इसके जवाब में माओ निंग ने कहा कि चीन का रुख बिल्कुल स्पष्ट है: शुल्क युद्ध में कोई विजेता नहीं होता।
स्थानीय समयानुसार 8 अप्रैल को, इज़राइल ने लेबनान में 10 मिनट के भीतर 100 से अधिक ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इसकी चर्चा में, माओ निंग ने कहा कि लेबनान की संप्रभुता और सुरक्षा का उल्लंघन नहीं किया जाना चाहिए, और नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए। चीन सभी संबंधित पक्षों से शांति और संयम बनाए रखने तथा क्षेत्रीय स्थिति को शांत करने के प्रयासों का आह्वान करता है।
उधर वियतनाम कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव और राष्ट्रपति तो लाम 14 से 17 अप्रैल तक चीन की राजकीय यात्रा पर रहेंगे। इसकी चर्चा में माओ निंग ने कहा कि वियतनाम के राष्ट्रपति के रूप में हाल ही में चुने जाने के बाद महासचिव तो लाम द्वारा अपनी पहली विदेश यात्रा के लिए चीन को चुनना, दोनों पार्टियों और दोनों देशों के बीच संबंधों को विकसित करने के प्रति उनके उच्च महत्व को पूरी तरह से दर्शाता है। चीन इस यात्रा से दोनों देशों के बीच पारंपरिक मित्रता को जारी रखने और चीन और वियतनाम के बीच व्यापक रणनीतिक सहयोग साझेदारी को और गहरा करने की उम्मीद करता है।