शिगात्से में अग्निशमन दल द्वारा यातुंग-जिलोंग में चलाया वन अग्नि-रोकथाम विशेष अभियान
वनाग्नि के जोखिम को प्रभावी ढंग से रोकने और नियंत्रित करने के उद्देश्य से, शीत्सांग स्वायत्त प्रदेश के शिगात्से शहर की अग्निशमन और बचाव टुकड़ी की चलित इकाई द्वारा हाल के दिनों में वन क्षेत्रों और पर्यटन स्थलों जैसे प्रमुख इलाकों पर विशेष निगरानी अभियान चलाया गया। इस दौरान दल ने यातुंग काउंटी के शियातुंग ग्राम स्थित बाशिया पर्यटन स्थल तथा जिलोंग काउंटी के जिपु ग्रैंड कैन्यन सहित विभिन्न स्थानों पर पहुँचकर जांच चौकियाँ स्थापित किए, संभावित जोखिमों की जांच-पड़ताल की, तथा उपकरणों के साथ गश्त करते हुए मौके पर जागरूकता अभियान चलाए। इसके अतिरिक्त, अग्नि स्रोतों को कड़ी निगरानी में रखते हुए व्यापक स्तर पर सुरक्षा कवच तैयार किया गया।
ड्यूटी के दौरान, अग्निशमन कर्मियों ने आने-जाने वाले पर्यटकों को अग्नि सुरक्षा संबंधी प्रचार सामग्री वितरित की और सरल भाषा में सुरक्षा उपायों तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया के तरीकों की जानकारी साझा की। साथ ही, उन्होंने पर्यटन स्थलों पर अग्निशमन उपकरणों की स्थिति, ज्वलनशील पदार्थों की समय पर सफाई तथा आपातकालीन तैयारियों की विस्तृत जाँच की। जाँच के दौरान, जहाँ भी कमियाँ पाई गईं, वहाँ संबंधित कर्मियों को तुरंत सुधार के निर्देश दिए गए और नियमित रूप से ज्वलनशील सामग्री हटाने पर बल दिया गया, ताकि आग के जोखिम को प्रारंभिक स्तर पर ही रोका जा सके।
पर्यटन स्थलों के दुकानदारों, निर्माण कार्य से जुड़े कर्मियों जैसे प्रमुख समूहों के लिए अग्निशमन दल ने अवैध रूप से आग के उपयोग के कानूनी दायित्व और उससे होने वाले खतरों की विस्तृत जानकारी दी। लोगों को स्वेच्छा से अग्नि सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने, निर्धारित नियमों का पालन करने तथा सामूहिक रोकथाम में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया गया, जिससे जनसहभागिता और संयुक्त प्रबंधन का वातावरण सुदृढ़ हो सके।
आगे भी अग्निशमन विभाग अग्नि स्रोतों पर नियंत्रण को और सख्त करने, जागरूकता अभियानों को ज्यादा व्यापक बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में प्रचार, संयुक्त निरीक्षण और आपातकालीन अभ्यास जैसे उपायों के माध्यम से वनाग्नि रोकथाम कार्यों को सुदृढ़ करने के लिए ठोस कदम उठाता रहेगा, ताकि क्षेत्र की पारिस्थितिकी और जन-धन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।