पेइचिंग में स्मार्ट नेटवर्क-संयोजित वाहन बीमा की शुरुआत

पेइचिंग वित्तीय निगरानी ब्यूरो से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेइचिंग में स्मार्ट नेटवर्क-संयोजित नई ऊर्जा वाहनों के लिए वाणिज्यिक बीमा के विकास और अनुप्रयोग कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। एल-2 स्तर के सहायक ड्राइविंग वाले वाहनों के लिए, वाहन मालिक पेइचिंग में नई कार खरीदने के बाद विशेष बीमा उत्पाद अथवा वर्तमान वाहन बीमा उत्पादों में से अपनी सुविधा अनुसार चयन कर सकते हैं। पेइचिंग बीमा उद्योग संघ चरणबद्ध तरीके से उन वाहन निर्माताओं और मॉडलों की सूची जारी करेगा, जिन पर ये विशेष उत्पाद लागू होंगे। एल-3 और एल-4 स्तर के स्वचालित ड्राइविंग वाहनों के मामले में, पेइचिंग में विधि और नियमों के अनुरूप परीक्षण कर रहे या औपचारिक रूप से सड़क पर संचालन की अनुमति प्राप्त कर चुके सभी वाहन इन विशेष बीमा उत्पादों के दायरे में आएंगे। संबंधित विशेष उत्पादों को आवश्यक परिस्थितियाँ पूरी होते ही शीघ्र लागू किया जाएगा।

पेइचिंग वित्तीय निगरानी ब्यूरो ने उपभोक्ताओं को सचेत करते हुए कहा है कि बीमा केवल चालक पर आने वाले आर्थिक मुआवजे के बोझ को कम कर सकता है, यह कानूनी दायित्वों का स्थानापन्न नहीं है। हाल ही में,चीन के सर्वोच्च जन न्यायालय द्वारा जारी मार्गदर्शक मामलों में भी स्पष्ट किया गया है कि वाहन में स्थापित सहायक ड्राइविंग प्रणाली चालक का स्थान नहीं ले सकती। सहायक ड्राइविंग सुविधा सक्रिय होने के बाद भी वाहन चलाने की वास्तविक जिम्मेदारी चालक पर ही रहती है और सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करना उसी का दायित्व है।