चीन ने ईरान युद्ध पर डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर दी प्रतिक्रिया
चीनी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने गुरुवार को राजधानी पेइचिंग में आयोजित नियमित संवाददाता सम्मेलन में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान युद्ध संबंधी ताज़ा बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सैन्य कार्रवाई किसी भी समस्या का मूल समाधान नहीं हो सकती। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघर्ष का बढ़ना किसी भी पक्ष के हित में नहीं है।
माओ निंग ने कहा कि चीन एक बार फिर संबंधित पक्षों से आग्रह करता है कि वे तुरंत सैन्य अभियान रोकें, युद्धविराम सुनिश्चित करें और जल्द से जल्द शांति वार्ता शुरू करें। उनका कहना था कि सभी मुद्दों का समाधान संवाद और बातचीत के माध्यम से ही किया जाना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य में नौवहन बाधित होने की जड़ अमेरिका और इज़राइल द्वारा ईरान के खिलाफ की गई अवैध सैन्य कार्रवाई है। माओ निंग के अनुसार, केवल युद्ध रोककर और खाड़ी क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करके ही अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने सभी पक्षों से स्थिति को शांत करने के लिए संयुक्त प्रयास करने का आह्वान किया, ताकि क्षेत्रीय अस्थिरता का वैश्विक अर्थव्यवस्था और ऊर्जा सुरक्षा पर व्यापक प्रभाव न पड़े।