चीन-श्रीलंका संबंधों को नई मजबूती देने पर ज़ोर

(CRI)08:44:04 2026-04-02

चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CPC) की केंद्रीय समिति के अंतर्राष्ट्रीय संपर्क विभाग के मंत्री ल्यू हाईशिंग ने मंगलवार को देश की राजधानी पेइचिंग में श्रीलंका की जनता विमुक्ति पेरमुना (JVP) के केंद्रीय समिति सदस्य तथा व्यापार, वाणिज्य, खाद्य सुरक्षा एवं सहकारिता विकास मंत्री वसंथ समरसिंघे के नेतृत्व वाले एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक की।

बैठक में दोनों देशों के नेताओं के बीच हुई सहमति को लागू करने, राजनीतिक दलों के बीच संपर्क को और मज़बूत करने तथा चीन-श्रीलंका संबंधों के समग्र विकास पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।

ल्यू हाईशिंग ने कहा कि पिछले वर्ष जनवरी में दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच हुई सफल बैठक ने द्विपक्षीय संबंधों के विकास के लिए स्पष्ट रणनीतिक दिशा प्रदान की थी। उन्होंने यह भी कहा कि CPC और JVP दोनों मार्क्सवादी शासक पार्टियां हैं, जिन्होंने द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। ल्यू ने चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के संघर्षपूर्ण इतिहास और नए युग में हासिल की गई विकास उपलब्धियों को भी साझा किया।

उधर, वसंथ समरसिंघे ने कहा कि चीन हमेशा से श्रीलंका का एक विश्वसनीय साझेदार और मित्र रहा है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में JVP और CPC के बीच संबंध लगातार सुदृढ़ हुए हैं। पिछले वर्ष दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों की उपस्थिति में हस्ताक्षरित ज्ञापन ने दोनों पार्टियों के संबंधों में एक नया अध्याय जोड़ा है।

समरसिंघे ने आगे कहा कि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व में चीनी जनता द्वारा प्राप्त विकास उपलब्धियाँ समाजवादी व्यवस्था की सशक्त जीवंतता को दर्शाती हैं। JVP दोनों पार्टियों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को अत्यंत महत्व देता है और चीन के शासन तथा विकास के अनुभवों से सीखने के लिए प्रतिबद्ध है।