चीन में शिक्षा के डिजिटलीकरण को बढ़ावा, 2026 के लिए नई रणनीति लागू

चित्र VCG से है।
चीनी शिक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को वर्ष 2026 के लिए "नेशनल एजुकेशन डिजिटलाइज़ेशन स्ट्रैटेजी एक्शन प्लान" के क्रियान्वयन पर चर्चा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की। इस अवसर पर चीन के शिक्षा मंत्री ह्वाई चिनफ़ेंग ने कहा कि देश के विश्वविद्यालयों में उभरती हुई तकनीकों, नई इंडस्ट्रीज़ और व्यवसायों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नए विषयों और विशेषज्ञताओं की शुरुआत की जाएगी। इसके साथ ही, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस (एआई) से जुड़े अंतःविषयक पाठ्यक्रमों को प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को बहु-विषयक विशेषज्ञता के रूप में तैयार किया जा सके।
शिक्षा मंत्री ह्वाई चिनफ़ेंग ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय शैक्षणिक प्लेटफ़ॉर्म को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। एआई-आधारित शिक्षण संसाधनों के माध्यम से छात्रों को व्यक्तिगत अध्ययन में सहायता मिलेगी। साथ ही, खेल, संगीत, श्रम एवं विज्ञान शिक्षा जैसे क्षेत्रों में भी आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस के उपयोग को सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में उद्योगों के सहयोग से पाठ्यक्रमों को अद्यतन किया जाएगा और प्रशिक्षण केंद्रों का विस्तार किया जाएगा, ताकि नई पीढ़ी को उभरते क्षेत्रों में उच्च-कुशल विशेषज्ञों के रूप में विकसित किया जा सके।