विश्व डेटा संगठन पेइचिंग में आधिकारिक रूप से स्थापित

सूत्रों के अनुसार, विश्व डेटा संगठन की स्थापना 30 मार्च को पेइचिंग में की गई। इस संगठन की स्थापना का उद्देश्य वैश्विक डेटा विकास और शासन के व्यावहारिक पहलुओं को आगे बढ़ाना, तथा अनुपालन, सुरक्षा और विश्वसनीयता के आधार पर डेटा के आदान-प्रदान और उपयोग को प्रोत्साहित करना है, ताकि वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था के विकास को बल मिल सके।

विश्व डेटा संगठन के महासचिव यांग जे ने बताया किविश्व डेटा संगठन का उद्देश्य “डेटा विभाजन को पाटना, डेटा के मूल्य को मुक्त करना और डिजिटल अर्थव्यवस्था को समृद्ध बनाना” है। उन्होंने कहा कि क्षमता निर्माण, नियमों के आदान-प्रदान, तकनीकी समन्वय और औद्योगिक सहयोग को बढ़ावा देकर अधिक देशों और समुदायों को डेटा संसाधनों की बेहतर प्राप्ति, उपयोग और सुरक्षा में सहायता दी जाएगी। साथ ही, डेटा के प्रवाह और उपयोग की दक्षता बढ़ाकर इसे “संसाधन” से “मूल्य” में परिवर्तित किया जाएगा तथा डेटा प्रौद्योगिकी, नियमों और औद्योगिक पारिस्थितिकी के समन्वित विकास के माध्यम से डिजिटल अर्थव्यवस्था की सतत और स्वस्थ प्रगति को सुनिश्चित किया जाएगा।

संयुक्त राष्ट्र के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से विकास संवर्धन आयोग के अध्यक्ष तथा संयुक्त राष्ट्र डेटा शासन कार्यदल के उपाध्यक्ष मुखद ने कहा कि विश्व डेटा संगठन की स्थापना समयोचित और अत्यंत आवश्यक है। इससे प्रत्येक देश को वैश्विक डेटा शासन से जुड़े निर्णयों में वास्तविक भागीदारी का अवसर प्राप्त होगा।