हैनान मुक्त व्यापार बंदरगाह सीमा-शुल्क संचालन के बाद विदेशी व्यापार की स्थिति मजबूत रही

हैकोउ कस्टम्स ने 17 मार्च को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि 18 दिसंबर 2025 से हैनान मुक्त व्यापार बंदरगाह सीमा-शुल्क संचालन के बाद फरवरी तक वस्तु व्यापार के आयात-निर्यात में तेज़ वृद्धि दर्ज की गई है और इसके लाभ अब बाज़ार की सक्रियता और विकास की रफ्तार को नई दिशा दे रहे हैं।

सीमा-शुल्क संचालन हैनान मुक्त व्यापार बंदरगाह के निर्माण में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित हुआ है, जो इसके विकास के नए चरण में प्रवेश का संकेत देता है। आंकड़ों के अनुसार, सीमा-शुल्क संचालन के बाद से हैनान का कुल आयात-निर्यात 65.49 अरब युआन रहा, जो वर्ष-दर-वर्ष 29.1 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। वहीं, 2026 जनवरी और फरवरी में विदेशी व्यापार का स्तर ऐतिहासिक रूप से सर्वाधिक रहा। 2018 में जब हैनान मुक्त व्यापार बंदरगाह के निर्माण की घोषणा हुई थी, उस समय की तुलना में केवल दो महीनों में ही वर्तमान व्यापार मूल्य उस वर्ष के कुल व्यापार का लगभग 80 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में हैनान मुक्त व्यापार बंदरगाह के बंदरगाहों का संचालन स्थिर और कुशल बना हुआ है, तथा उद्यमों के लिए कस्टम्स क्लियरेंस की सुविधा लगातार बेहतर हो रही है। विदेशी व्यापार के उच्च गुणवत्ता वाले विकास को आगे बढ़ाने के लिए हैकोउ कस्टम्स एक ओर नियामक व्यवस्था को मजबूत करने, हैकोउ हवाई अड्डा समग्र बंधित क्षेत्र में विमान रखरखाव तथा बोआओ लेचेंग अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य एवं चिकित्सा पर्यटन पायलट क्षेत्र में विशेष चिकित्सा खाद्य जैसे क्षेत्रों को समर्थन देने के लिए ठोस कदम उठा रहा है; वहीं दूसरी ओर आयात श्रेणियों का विस्तार करते हुए जमे हुए जल उत्पादों के लिए निर्धारित निगरानी स्थल स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। साथ ही, दुरीयान और समुद्री उत्पादों जैसे ताजे कृषि उत्पादों के आयात को बढ़ावा दिया जा रहा है और कस्टम्स के विशेष निगरानी क्षेत्रों में पुनर्निर्माण गतिविधियों की संभावनाओं की तलाश कर विदेशी व्यापार के नए विकास स्रोत तैयार करने पर भी जोर दिया जा रहा है।