भारतीय दूतावास में वसंत मेले का आयोजन, देशी-विदेशी अतिथि हुए शामिल

सजावटी सामग्री के सामने फोटो खिंचवाते दर्शक।
14 मार्च 2026 को भारत के चीन स्थित दूतावास द्वारा आयोजित "वसंत मेला" कार्यक्रम पेइचिंग में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम ने न केवल बड़ी संख्या में स्थानीय चीनी नागरिकों को भारतीय संस्कृति का अनुभव करने के लिए आकर्षित किया, बल्कि चीन के कला संस्थानों और पेशेवर नृत्य दलों की सक्रिय भागीदारी भी देखने को मिली।

चीनी नृत्यांगना दु जुआन और उनके साथी जितानी द्वारा प्रस्तुत कथक युगल नृत्य।
मुख्य मंच के प्रदर्शन क्षेत्र में नृत्य दल ने आधुनिक स्ट्रीट डांस के तत्वों को भारतीय फ़िल्मी गीतों की लय के साथ अभिनव ढंग से प्रस्तुत किया। इसके बाद चीनी नृत्यांगना दु जुआन और उनके साथी जितानी ने समकालीन शैली में कथक का एक युगल नृत्य प्रस्तुत किया। इसी दौरान, मंच के बाहर भी अनेक चीनी नागरिकों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। हरी-भरी घास के मैदान पर बड़ी संख्या में चीनी योग प्रेमियों ने योग प्रशिक्षक के मार्गदर्शन में सामूहिक योग अभ्यास किया। मेले के स्टॉल क्षेत्र में भी नागरिकों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई, जहाँ लोग विभिन्न स्टॉलों के सामने रुककर उत्साहपूर्वक प्रामाणिक भारतीय व्यंजनों का स्वाद ले रहे थे, हाथों पर मेंहदी की कलात्मक सजावट का अनुभव और विदेशी रंगत लिए पारंपरिक हस्तशिल्प वस्तुओं का आनंद उठा रहे थे।

छीवू स्पेस और डीएफ पॉप डांस ग्रुप ने भारतीय फिल्म गीतों पर आधारित स्ट्रीट डांस प्रदर्शन पेश किया।
वसंत मेला नामक इस आयोजन ने वसंत ऋतु को माध्यम बनाकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सहभागी गतिविधियों का सुंदर समन्वय किया। इससे भारतीय संस्कृति की विशिष्ट आकर्षण शक्ति का जीवंत प्रदर्शन हुआ और साथ ही चीन-भारत सांस्कृतिक आदान-प्रदान की सजीव ऊर्जा भी परिलक्षित हुई। उत्साहपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में दोनों देशों के संस्कृति प्रेमी एकत्रित होकर सांस्कृतिक मेल-मिलाप की ऊष्मा और आनंद का अनुभव करते दिखाई दिए।
(विदुशी सूनयना)