चीन ने ईरान को 2 लाख डॉलर की आपात मानवीय सहायता दी

(CRI)11:08:53 2026-03-16


13 मार्च को, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने एक नियमित प्रेस कॉन्फ़्रेस आयोजित किया।

13 मार्च को, चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता क्वो च्याखुन के मुताबिक, चीनी रेड क्रॉस सोसाइटी ने ईरानी रेड क्रिसेंट सोसाइटी को आपातकालीन मानवीय सहायता के रूप में दो लाख अमेरिकी डॉलर प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस राशि का उपयोग विशेष रूप से आपदा में मारे गए छात्रों के माता-पिता को संवेदना और मुआवजा देने के लिए है।

28 फरवरी से अमेरिका और इज़राइल ने ईरान के खिलाफ सैन्य हमले शुरू किए। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, ईरान के होर्मोज़गान प्रांत में स्थित शजराह तैयबेह प्राथमिक विद्यालय पर हुए हमले में 160 से अधिक लड़कियों की मौत हो गई।

प्रवक्ता क्वो च्याखुन ने उस दिन आयोजित एक नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार के सवाल के जवाब में कहा कि चीन ने जान गंवाने वाले छात्रों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है और उनके परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक सहानुभूति व्यक्त की है।

उन्होंने कहा कि चीन नागरिकों और गैर-सैन्य लक्ष्यों पर सभी तरह के हमलों की निंदा करता है। स्कूलों पर हमला करना और बच्चों को नुकसान पहुंचाना अंतरराष्ट्रीय मानवीय कानून का गंभीर उल्लंघन है और बुनियादी मानवीय नैतिकता की सीमा को पार करता है। चीन मानवतावादी भावना से ईरान को आवश्यक सहायता प्रदान करना जारी रखना चाहता है और ईरानी लोगों को उनकी कठिनाइयों से उबरने में सहयोग देने के लिए तत्पर है।

ईरान की मौजूदा स्थिति की चर्चा करते हुए क्वो च्याखुन ने कहा कि चीन मध्य पूर्व में जारी तनाव को लेकर बेहद चिंतित है और मानता है कि सभी देशों की संप्रभुता, सुरक्षा और प्रादेशिक अखंडता का अनिवार्य रूप से सम्मान किया जाना चाहिए। सभी पक्षों को तत्काल सैन्य अभियान बंद करने चाहिए, जल्द से जल्द बातचीत और वार्ता बहाल करनी चाहिए, और स्थिति को और बिगड़ने तथा संघर्ष के प्रसार को रोकना चाहिए।