अमेरिकी दवा कंपनी लिली चीन में विस्तार के लिए 3 अरब डॉलर निवेश की तैयारी में

अमेरिका की प्रमुख दवा कंपनी एली लिली ने 11 मार्च को घोषणा की कि वह अगले दस वर्षों में चीन में अपनी आपूर्ति श्रृंखला की उत्पादन क्षमता के व्यापक विस्तार के लिए कुल 3 अरब अमेरिकी डॉलर का निवेश करने की योजना बना रही है। इसका उद्देश्य मौखिक ठोस औषधि तैयारियों के स्थानीय उत्पादन और आपूर्ति प्रणाली का निर्माण करना है। यह पिछले दो वर्षों में चीन में कंपनी का दूसरा बड़ा निवेश है और साथ ही कंपनी की अब तक की सबसे बड़ी वैश्विक उत्पादन विस्तार योजना का एक महत्वपूर्ण हिस्सा भी है।

बताया गया है कि इस निवेश के तहत एली लिली के सूझोउ स्थित कारखाने की आंतरिक उत्पादन क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ बाहरी रणनीतिक सहयोग को भी जोड़ा जाएगा। कंपनी कई स्थानीय साझेदारों के साथ मिलकर संबंधित दवाओं की भविष्य की उत्पादन पाइपलाइन के लिए बड़े पैमाने की विनिर्माण क्षमता विकसित करने की योजना बना रही है।

एली लिली के कार्यकारी उपाध्यक्ष तथा मुख्य उत्पादन संचालन अधिकारी एंड्रयू जी. हेडीन ने जानकारी देते हुए साझा किया कि,“यह निवेश हमारे भविष्य उन्मुख रणनीतिक नियोजन और दृढ़ प्रतिबद्धता को और स्पष्ट रूप से दर्शाता है।” उन्होंने यह भी बताया कि यह योजना चीन में कंपनी की दीर्घकालिक रणनीतिक उपस्थिति पर आधारित है, और इसका उद्देश्य केवल उत्पादन क्षमता का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि एक अधिक लचीली और एकीकृत उत्पादन प्रणाली का निर्माण करना भी है, ताकि कंपनी के वैश्विक नेटवर्क में चीन की रणनीतिक भूमिका को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।